#LDA उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने अभियंत्रण खण्डों में चल रहे निर्माण/विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने मंगलवार को अभियंत्रण खण्डों में चल रहे निर्माण/विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने बरसात के मद्देनजर सड़कों पर पैचवर्क, स्ट्रीट लाइट्स, टूटे हुए मेनहोल, नालों व जलभराव के स्थलों आदि की मरम्मत व सफाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने के आदेश दिये। इस सम्बंध में उन्होंने अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे तीन दिन में अपने-अपने क्षेत्र का सर्वे करके इन अति आवश्यक कार्यों की सूची बना लें, ताकि मरम्मत आदि का कार्य समय से पूरा करा लिया जाए।
बैठक में उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने अभियंताओं को हिदायत देते हुए कहा कि समस्त विकास कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराये जाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि जहां-जहां निर्माण/विकास कार्य चल रहे हैं, वहां स्थल पर बोर्ड लगाया जाए। जिसमें कार्य, लागत, कार्य आरंभ होने व सम्पन्न किये जाने की निर्धारित तिथि, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि व सम्बंधित अवर अभियंता एवं सहायक अभियंता के नाम व मोबाइल नंबर आवश्यक रूप से अंकित किये जाएं। उन्होेंने निर्देश दिये कि सभी अवर अभियंता व सहायक अभियंता अपने क्षेत्र में चल रहे निर्माण/विकास कार्यों का प्रतिदिन निरीक्षण करें और व्हाट्सएप ग्रुप पर फोटो सहित विवरण प्रेषित करें। तत्पश्चात् सभी अधिशासी अभियंता द्वारा अपने जोन में चल रहे कार्यों का विस्तृत प्रेजेन्टेशन उनके समक्ष साप्ताहिक रूप से किया जाएगा, जिसमें कार्यों की प्रगति के साथ ही उसकी उपयोगिता का भी उल्लेख करना होगा।
भुगतान के सम्बंध में निर्धारित की समय सीमा
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि सभी प्रकार के छोटे-बड़े टेंडर पूरी पारदर्शिता के साथ नियमानुसार कराए जाएं। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि एक बार टेेंडर हो जाने के बाद उसमें किसी भी प्रकार का अधिक भौतिक व वित्तीय विचलन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि कार्यों के भुगतान की फाइलों को बेवजह लंबित न किया जाए। इसके लिए उपाध्यक्ष ने टाइम लाइन निर्धारित करते हुए कहा कि ईएमबी जिस दिन हो, उसके 14 दिन में भुगतान हो जाना चाहिए।
औचक निरीक्षण कर परखेंगे हकीकत
उपाध्यक्ष ने अभियंताओं को निर्देशित किया कि असामान्य परिस्थितियों को छोड़कर सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत कराये जाएं। इसके लिए कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर सख्ती से कार्यवाही की जाए। उपाध्यक्ष ने कहा कि वह खुद औचक निरीक्षण करके कार्यों की गुणवत्ता व प्रगति देखेंगे, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही उजागर होने पर सम्बंधित के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा उपाध्यक्ष ने कहा कि कार्यों के आगणन में किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए बनाये गए आगणनों का थर्ड पार्टी परीक्षण भी कराया जाएगा।
अभियंताओं की होगी वर्कशाप
उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि अभियंताओं की कार्यक्षमता को उच्चीकृत करने के लिए उनकी एक वर्कशाप कराई जाए। इसके लिए उन्होंने उच्च संस्थाओं से शिक्षा प्राप्त करके आये चार अभियन्ताओं की एक टीम गठित की है। जिनके द्वारा पीडब्ल्यूडी व सीपीडब्ल्यूडी की गाइडलाइन का अध्ययन करते हुए ट्रेनिंग के लिए एक प्रारूप बनाया जाएगा।
बैठक में सचिव पवन कुमार गंगवार, मुख्य अभियंता अवधेश तिवारी व वित्त नियंत्रक दीपक सिंह समेत सभी अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता व अवर अभियंता उपस्थित रहे।









