#LDA VC ने #IGP में किये जा रहे हाॅर्टिकल्चर, सौंदर्यीकरण व मरम्मत आदि कार्यों की समीक्षा की

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाले इंडियन रोड कांग्रेस के 81वें वार्षिक अधिवेशन की तैयारियों के सम्बंध में गुरूवार को अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस मौके पर उपाध्यक्ष द्वारा प्रतिष्ठान में किये जा रहे हाॅर्टिकल्चर, सौंदर्यीकरण व मरम्मत आदि के कार्यों की समीक्षा की गयी।
उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के कारण जो भी अव्यवस्थाएं हुई हैं, उन्हें तुरंत सही करा लिया जाए। इसके लिए वहां अतिरिक्त अभियंताओं की ड्यूटी लगाई जाए, जोकि मुख्य अभियंता की निगरानी में कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ सम्पादित कराएंगे।
इस क्रम में उपाध्यक्ष द्वारा सचिव पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में अभियंत्रण व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम गठित की गयी, जोकि प्रतिष्ठान का सर्वे करके हर छोटी-बड़ी कमियों को चिन्हित करते हुए उक्त का निस्तारण सुनिश्चित कराएगी।
इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रतिष्ठान के प्रत्येक ब्लाॅक में साफ-सफाई की व्यवस्था उच्च स्तर की होनी चाहिए। इसके लिए प्रत्येक टाॅयलेट में साफ-सफाई के लिए एक महिला व एक पुरूष कर्मी की ड्यूटी लगाई जाए तथा उन्हें साफ-सफाई से सम्बंधित समस्त सामग्री उपलब्ध करायी जाए।
उपाध्यक्ष द्वारा कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए प्रतिष्ठान में स्थापित किये गए कंट्रोल रूम में विशेष कार्याधिकारी अरूण कुमार सिंह, राम शंकर, अमित राठौर, राजीव कुमार, डी0के0 सिंह एवं देवांश त्रिवेदी की चक्रानुक्रम में ड्यूटी लगाई गयी है।








