एलडीएः अपार्टमेंट्स में आग से बचाव के लिए तैनात किये जाएंगे प्रशिक्षित सुरक्षा गार्ड

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने अधिकारियों को दिये निर्देश
प्राधिकरण द्वारा अनुरक्षित अपार्टमेंटों में होगी इन गार्डों की तैनाती, गार्ड का नाम व मोबाइल नंबर सूचना पट्ट पर किया जाएगा अंकित
लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा अनुरक्षित अपार्टमेंट्स में आग से बचाव व अन्य आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षित सुरक्षा गार्डों की तैनाती की जाएगी। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने आवंटियों की सुरक्षा व सहूलियत के दृष्टिगत इस बाबत निर्देश जारी किये हैं।
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा निर्मित की गयीं बहुमंजिला आवासीय योजनाओं में से जो योजनाएं रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को हैंडओवर नहीं है तथा प्राधिकरण द्वारा उनका अनुरक्षण किया जा रहा है। उन्हीं योजनाओं में यह सेवा दी जाएगी। उपाध्यक्ष ने बताया कि इसके अंतर्गत सेना से सेवानिवृत्त उन जवानों को तैनात किया जाएगा, जो आग से बचाव समेत अन्य आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित हों।
यह सुरक्षा गार्ड अग्निशमन उपकरणों के संचालन में माहिर होंगे तथा परिसर में ही रहकर 24 घंटे अपनी सेवाएं देंगे। अपार्टमेंट के मुख्य स्थानों पर सुरक्षा गार्ड का नाम व मोबाइल नंबर सूचना पट्ट पर अंकित किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर आवंटी उनसे संपर्क कर सके। इसके लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण द्वारा अनुरक्षित अपार्टमेंटों में सोमवार तक इन सुरक्षा गार्डों की तैनाती कर दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button
btnimage