अनियोजित विकास पर एलडीए की बड़ी कार्रवाई, 180 बीघा क्षेत्रफल में चल रही 17 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1, जोन-3, जोन-4, जोन-5 एवं जोन-7 की टीम ने की बड़ी कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को प्रवर्तन टीम ने बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान शहर में अलग-अलग स्थानों पर 180 बीघा से अधिक क्षेत्रफल में की जा रही 17 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।

प्रवर्तन जोन-1 की जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि बी0बी0डी0 व सुशांत गोल्फ सिटी थानाक्षेत्र के सिकन्दरपुर अमोलिया, सिकन्दरपुर खुर्द, देवरिया व बक्कास आदि इलाकों में कार्रवाई की गयी। इस दौरान ओ0पी0 राय, अमित राय, जितेन्द्र मिश्रा, सतीश, देशराज, पवन यादव, हरिनाम, शरीफ, दुर्गेश, श्रीकांत, राम धीरज व अन्य द्वारा पांच स्थानों पर लगभग 90 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।

प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि दुबग्गा के ग्राम-कुसमोरा हलुआपुर में हुसनैन फखरूद्दीन, हरछठ लाल, सोनू पंडित, अनवर, संजय यादव, रामगोपाल यादव, अवधेश व अन्य द्वारा पांच अलग-अलग स्थानों पर लगभग 56,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थीं। प्रवर्तन टीम द्वारा इन पांचों अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।

मड़ियांव में 60 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि मड़ियांव के फैजुल्लागंज के गौरभीठ व गाजीपुर बलराम क्षेत्र में दिनेश यादव, जगेताऊ, मनीष जैन, अशोक व अन्य द्वारा तीन अलग-अलग स्थानों पर लगभग 60 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इन तीनों अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।

गुड़म्बा में 05 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि गुड़म्बा के ग्राम-अचरामऊ में दिनेश, जीतू, मुकेश कुमार व अन्य द्वारा तीन अलग-अलग स्थानों पर लगभग 18,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इन तीनों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।

काकोरी में भी गरजा बुलडोजर

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि कलीम व अन्य द्वारा काकोरी के ग्राम-मौंदा में लगभग 08 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। जिसे प्रवर्तन टीम द्वारा अभियान चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage