एलडीए ने गोमती नगर में 07 अवैध निर्माण सील किये

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में बुधवार को प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने गोमती नगर व गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किये जा रहे 07 अवैध निर्माण सील किये गये।

प्रवर्तन जोन-1 की जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि अंशुल कुमार द्वारा विभूति खण्ड के ग्राम-रिसहा में लगभग 300 वर्गमीटर व सुमित मिश्रा द्वारा विभूति खण्ड में भूखण्ड संख्या-बी-101 पर लगभग 150 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से व्यावसायिक निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसी तरह कमलेश कुमार व अन्य द्वारा गोमती नगर के विराट खण्ड में 300 एवं 200 वर्गमीटर के 02 भूखण्डों पर अनाधिकृत रूप से बहुमंजिला कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था।

इसके अलावा सोनू कुमार द्वारा विशाल खण्ड में 200 वर्गमीटर, विनय सिंह द्वारा विभूति खण्ड में 450 वर्गमीटर व रवि प्रताप सिंह द्वारा गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-01 में लगभग 150 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर अवैध रूप से भवन का निर्माण कराया जा रहा था। उक्त सभी अवैध निर्माणों को प्रवर्तन टीम द्वारा सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage