एलडीए ने सरोजनीनगर व पारा क्षेत्र में तीन अवैध व्यवसायिक निर्माण सील किये

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में शनिवार को प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने पारा व सरोजनीनगर क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से किये जा रहे तीन व्यवसायिक निर्माणों को सील किया गया।


प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि ए0के0 सिंह व अन्य द्वारा पारा में मोहान रोड, सरोसा-भरोसा मोड़ पर लगभग 7500 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर बेसमेंट में हॉल, अपर ग्राउंड फ्लोर पर 11 दुकानें, प्रथम व द्वितीय तल पर हॉल का निर्माण कराया गया था। इसी तरह सतीश (प्रधान) व अन्य द्वारा पारा के हंसखेड़ा में प्राधिकरण द्वारा निर्मित ई0डब्ल्यू0एस0 अपार्टमेंट के पीछे नजूल भूमि पर लगभग 2000 वर्गफिट क्षेत्रफल में दुकानों व कमरों का निर्माण कराया जा रहा था।

इसके अलावा मुन्नू सिंह व अन्य द्वारा सरोजनीनगर में अमौसी रोड पर लगभग 1500 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर बेसमेंट व प्रथम तल पर व्यावसायिक निर्माण करवाया जा रहा था।


प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे उक्त तीनों अवैध निर्माण के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में सहायक अभियंता अनिल कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता भरत पाण्डेय, भानु प्रकाश वर्मा, संजय शुक्ला व प्रमोद पाण्डेय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से उक्त अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage