#LDA ने रैथा रोड पर अभियान चलाकर 73 अवैध रो-हाउस भवनों को सील किया

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के सम्बंध में दिये गये निर्देशों के क्रम में प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने गुरूवार को रैथा रोड पर अवैध रूप से बनाये जा रहे 73 रो-हाउस भवनों को सील किया।
 प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि आर0 शाही द्वारा गंगोत्री आवास योजना, ग्रुप हाउंसिंग, सरजू नहर कालोनी, साधुपुर, रैथा रोड पर लगभग 4500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 48 रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-817/2022 योजित किया गया था। इसके अतिरिक्त सुधीर शाही द्वारा नव्या विहार कालोनी, साधुपुर, रैथा रोड पर लगभग 3500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 25 रो-हाउस भवनों का निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-826/2022 योजित किया गया था। उक्त दोनों प्रकरणों में विपक्षियों द्वारा निर्माण के सम्बंध में कोई स्वीकृत मानचित्र/साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया तथा स्थल पर चोरी-छुपे निर्माण कार्य जारी रखा गया। इस पर विहित न्यायालय द्वारा प्रश्नगत स्थलों को सील किये जाने के आदेश पारित किये गये थे।
उक्त आदेशों के अनुपालन में आज सहायक अभियंता अनिल कुमार व अवर अभियंता शिव कुमार द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से स्थल पर हुए अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage