एलडीए ने गोमती नगर विस्तार और बसंतकुंज के 149 आवासीय भूखण्ड ई-ऑक्शन में लगाए
25 वर्गमीटर से 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्डों को बोली लगाकर ले सकेंगे लोग

3,000 करोड़ की कुल 475 सम्पत्तियां नीलामी में प्रस्तुत, 28 मई तक खोला गया पोर्टल
अगर आप लखनऊ में प्राइम लोकेशन पर अपना आलीशान मकान बनाना चाह रहे हैं तो लखनऊ विकास प्राधिकरण आपके लिए सुनहरा अवसर लेकर आया है। एलडीए ने इस बार गोमती नगर विस्तार और बसंतकुंज योजना के 149 आवासीय भूखण्ड ई-ऑक्शन में लगाये हैं। 25 वर्गमीटर से 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल के इन भूखण्डों को लोग ई-नीलामी में बोली लगाकर ले सकेंगे।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर 28 मई, 2026 तक के लिए ई-ऑक्शन पोर्टल खोला गया है। इस बार के ई-ऑक्शन में लगभग 3,000 करोड़ रूपये की कुल 475 सम्पत्तियां लगायी गयी हैं। इच्छुक आवेदक संपत्ति के आरक्षित मूल्य की 10 प्रतिशत ईएमडी जमा कराकर ई-ऑक्शन में प्रतिभाग कर सकेंगे।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-6 में लैंड ऑडिट के माध्यम से कब्जामुक्त करायी गयी भूमि पर 12 आवासीय भूखण्ड नियोजित किये गये हैं। 112 वर्गमीटर से 225 वर्गमीटर क्षेत्रफल के इन भूखण्डों की आरक्षित दर 36,000 रूपये प्रति वर्गमीटर रखी गयी है। लगभग 40 लाख से 82 लाख रूपये कीमत के इन भूखण्डों को लोग ई-नीलामी में बोली लगाकर खरीद सकेंगे। इसी तरह बसंतकुंज योजना के सेक्टर-आई, सेक्टर-एच और गऊ घाट में नियोजित किये गये 137 आवासीय भूखण्ड ई-नीलामी में लगाये गये हैं। इसमें सबसे छोटे 25 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड की कीमत 8.5 लाख रूपये और सबसे बड़े 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड की कीमत लगभग 01 करोड़ रूपये होगी।
रिफा-ए-आम के पास बनेगी ग्रुप हाउसिंग
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि इस बार के ई-ऑक्शन में रिफा-ए-आम क्लब के पास जगत नारायण रोड पर ग्रुप हाउसिंग के 04 भूखण्ड लगाये गये हैं। इन भूखण्डों की बिक्री होने से वजीरगंज क्षेत्र में बहुमंजिला अपार्टमेंट्स बनेंगे। जिससे घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में लोगों को बेहतर आवासीय सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। इसके अलावा गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 में ग्रुप हाउसिंग के 02 नये भूखण्ड भी लगाये गये हैं।
अनंत नगर में शैक्षणिक संस्थान के भूखण्ड
अनंत नगर योजना को एडु सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में एलडीए ने पहल कर दी है। इसके तहत योजना में नव सृजित शैक्षणिक संस्थान के लिए आरक्षित 09 भूखण्डों को इस बार के ई-ऑक्शन में लगाया गया है। इसके अलावा बसंतकुंज व कानपुर रोड योजना में भी स्कूल भूखण्ड नीलामी में प्रस्तुत किये गये हैं।
फ्लैट व दुकानें भी ले सकेंगे लोग
अपर सचिव ने बताया कि गोमती नगर, बालागंज, चौक, कंचन मार्केट व कानपुर रोड योजना में निरस्तीकरण से रिक्त 50 से अधिक व्यावसायिक दुकानों/चबूतरों को भी ई-नीलामी में लगाया गया है। यह सभी दुकानें प्राइम लोकेशन पर हैं और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए काफी उपयुक्त साबित होंगी। इसके अलावा ग्रुीनवुड, सतलज, सरयू एवं वनस्थली अपार्टमेंट, गोमती नगर स्थित नेहरू इन्क्लेव व सुलभ आवास के भवनों को भी लोग नीलामी में ले सकेंगे।








