एलडीए: राजधानी में 18 हजार करोड़ की 81 परियोजनाओं का रास्ता साफ

राजधानी में 18 हजार करोड़ की 81 परियोजनाओं का रास्ता साफ, एलडीए उपाध्यक्ष ने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को लेकर निजी विकासकर्ताओं व निवेशकों संग की बैठक

निवेश से बड़ी संख्या में लोगों को शहर में मिलेगी आवासीय सुविधा, अस्पताल, कॉमर्शियल कॉम्पलेक्स व स्कूल/इंस्टीट्यूट आदि भी बनेंगे

लखनऊ विकास प्राधिकरण आगामी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी पर राजधानी में लगभग 25 हजार करोड़ रूपये के निवेश की आधारशिला रखेगा। इसके अंतर्गत विकसित होने वाली टाउनशिप व ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट्स से बड़ी तादाद में लोगों को शहर में आवासीय सुविधा मिलेगी। साथ ही उच्च स्तरीय अस्पताल, कॉमर्शियल कॉम्पलेक्स, होटल व स्कूल/इंस्टीट्यूट आदि भी बनेंगे। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने गुरूवार को निजी विकासकर्ताओं व निवेशकों के साथ बैठक करके निवेश का रोडमैप तैयार किया।

उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए अब तक 18 हजार करोड़ रूपये की 81 परियोजनाओं के प्रस्ताव प्राधिकरण में आ चुके हैं। जिसके सम्बंध में निवेशकों से चर्चा करके कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की गयी। इसमें कुछ निजी विकासकर्ताओं द्वारा अवगत कराया गया कि अन्य विभागों से एन0ओ0सी0 न मिलने के कारण प्रोजेक्ट का कार्य लंबित हो रहा है। इस पर अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निवेशकों को जिन-जिन विभागों से एन0ओ0सी0 आदि औपचारिकताएं पूर्ण कराने में अड़चनें आ रही हैं। उन सभी की अलग से रिपोर्ट बनाकर सम्बंधित विभागों को पत्र भेजकर समस्या का निराकरण कराया जाए।

इसके अलावा कुछ प्रकरणों में अवैध निर्माण/अतिक्रमण के कारण प्रोजेक्ट में बाधा उत्पन्न होने की बात सामने आयी, जिस पर जोनल अधिकारी को तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। इस दौरान निवेशकों को यह भी अवगत कराया गया कि भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2008 (यथासंशोधित) में प्रस्तावित संशोधन को प्राधिकरण द्वारा अंगीकृत किया गया है। जिसके तहत अब 31 मार्च 2024 के बाद से क्रय योग्य एफ0ए0आर0 से सम्बंधित शमन के प्रकरण स्वीकृत नहीं किये जाएंगे। ऐसे में जिन लोगों के क्रय योग्य एफ0ए0आर0 से सम्बंधित शमनीय प्रकरण हैं, वे उन्हें जल्द से जल्द निस्तारित करा लें।

बैठक में निजी विकासकर्ताओं को अधिक से अधिक निवेश करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जिसके फलस्वरूप ग्रुप हाउसिंग व कॉमर्शियल की परियोजनाओं के कुछ नये प्रस्ताव बैठक में ही प्राप्त हो गये। उपाध्यक्ष ने बताया कि ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के अवसर पर प्राधिकरण द्वारा राजधानी में लगभग 25 हजार करोड़ रूपये के निवेश का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे शीघ्र ही पूरा करा लिया जाएगा। इन परियोजनाओं से लगभग 8,000 लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

बैठक में सचिव पवन कुमार गंगवार, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, मुख्य नगर नियोजक के0के0 गौतम, विशेष कार्याधिकारी प्रिया सिंह व अधिशासी अभियंता मनोज सागर समेत विभिन्न निवेशक एवं निजी विकासकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage