LDA News: गोमतीनगर में 1 और पारा में 2 अवैध निर्माण सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को गोमती नगर में एक और पारा क्षेत्र में दो अवैध निर्माण सील किये गए।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी/विहित प्राधिकारी अरूण कुमार सिंह ने बताया कि दिशा इसरानी द्वारा भूखण्ड संख्या 4/220, विवेक खण्ड, गोमतीनगर, लखनऊ पर लगभग 2100 वर्गफिट क्षेत्रफल में सेटबैक को आच्छदित करते हुए प्रथम तल की छत डालकर अनाधिकृत निर्माण किया जा रहा था। जिसके विरुद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-99/2022 योजित किया गया था। इसके बाद भी विपक्षी द्वारा उक्त स्थल पर व्यवसायिक निर्माण जारी रखा गया। इसके दृष्टिगत परिसर को सील किये जाने के आदेश दिये गए थे। उक्त आदेश के अनुपालन में सहायक अभियंता एस0के0 जैन के नेतृत्व में अवर अभियंता सुभाष शर्मा द्वारा आज प्रश्नगत स्थल को सील कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी/विहित प्राधिकारी रामशंकर ने बताया कि आनन्द प्रकाश द्वारा बुद्धेश्वर दुबग्गा सर्विस रोड पर, अंग्रेजी शराब ठेके के निकट, लखनऊ में बगैर नक्शा पास कराये लगभग 1100 वर्गफिट क्षेत्रफल में अवैध रूप से सेमी बेसमेण्ट का निर्माण कराया गया था। जिसके विरुद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-377/2022 योजित किया गया था। वाद में इस स्थल को सील किये जाने के आदेश दिये गए थे। उक्त आदेश के अनुपालन में आज प्रश्नगत स्थल को सील कर दिया गया.
इसके आलावा राजकुमार कनौजिया पुत्र स्व0 फकीर लाल कनौजिया द्वारा मोहान रोड, पारा में बिना प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये लगभग 3000 वर्गफिट क्षेत्रफल में अवैध रूप से नींव की खुदाई का कार्य कराया जा रहा था। जिसके विरुद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-262/2021 योजित किया गया था। वाद में इस स्थल को सील किये जाने के आदेश दिये गए थे। उक्त आदेश के अनुपालन में परिसर को सील कर दिया गया। उपरोक्त दोनों कार्यवाही प्रवर्तन जोन-3 के अभियंताओं द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल व स्थानीय थाने की पुलिस बल के सहयोग से की गयी।










