#LDA प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने महानगर में अवैध निर्माण किया सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने बुधवार को महानगर में विरोध के बीच एक अवैध निर्माण सील किया।
प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी रामशंकर ने बताया कि मनु बाजपेई, कुमार रोली बाजपेई, अदित्या बाजपेई एवं अनुरूध बाजपेई द्वारा भूखण्ड संख्या-बी-1/1, ई-पार्क, महानगर विस्तार योजना में लगभग 757.16 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर प्राधिकरण से स्वीकृत मानचित्र के विपरीत भूतल, प्रथम तल, द्वितीय तल का निर्माण पूर्ण कर तृतीय तल पर कालम खड़े करके शटरिंग का कार्य कराया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-798/2022 योजित किया गया था। जोनल अधिकारी ने बताया कि उक्त प्रकरण में पक्ष द्वारा स्थल पर चोरी-छुपे निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इस पर विहित न्यायालय द्वारा उक्त स्थल को सील किये जाने के आदेश पारित किये गये थे।
उक्त आदेश के अनुपालन में आज सहायक अभियंता शीतल प्रसाद के नेतृत्व में अभियंता राजीव कुमार श्रीवास्तव द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से प्रश्नगत स्थल पर कार्यवाही की गयी। इस दौरान सम्बंधित व्यक्तियों व उनके सहयोगियों द्वारा प्राधिकरण की टीम का विरोध किया गया। लेकिन, टीम ने पुलिस कार्यवाही की चेतावनी देते हुए स्थल को सील कर दिया।








