एलडीए ने मस्तेमऊ में एक अवैध प्लाटिंग को किया ध्वस्त

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में बुधवार को प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने सुशांत गोल्फ सिटी थानाक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम-मस्तेमऊ में की जा रही एक अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की।

प्रवर्तन जोन-1 की जोनल अधिकारी प्रिया सिंह ने बताया कि प्रताप यादव, तिवारी लाल यादव व अन्य द्वारा सुशांत गोल्फ सिटी थानाक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम-मस्तेमऊ में भूमि खसरा संख्या-99 क्षेत्रफल लगभग तीन बीघा पर अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इस अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।

आदेश के अनुपालन में सहायक अभियंता शिवा सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता सत्यवीर सिंह व सुरेन्द्र द्विवेदी द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी। इस दौरान डेलवपर द्वारा स्थल पर विकसित की गयी बाउन्ड्रीवॉल, बिजली के खम्भे व भूखण्डों के डिमार्केशन के लिए ईंटों से किये गये चिनाई आदि के कार्य को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage