Diwali धमाका: एलडीए प्रवर्तन जोन 3 की टीम ने 6 अवैध निर्माण किये सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने आलमबाग, पारा व काकोरी क्षेत्र में अभियान चलाकर की कार्यवाही

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में गुरूवार को प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने आलमबाग, पारा व काकोरी क्षेत्र में बड़े स्तर पर अभियान चलाया। इस दौरान बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्मित किये जा रहे बारात घर, शोरूम, काॅम्पलेक्स व गोदाम आदि समेत 06 अवैध निर्माणों को सील किया गया।

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि कमलजीत सिंह द्वारा आलमबाग के सिंगार नगर के बहादुर खेड़ा में भूखण्ड संख्या-559/33 पर लगभग 170 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर बेसमेंट, भूतल तथा प्रथम तल का निर्माण कराया जा रहा था। वहीं, ऊषा खत्री द्वारा सिंगार नगर में अवध चैराहे के पास भूखण्ड संख्या-9-डी पर लगभग 1500 वर्गफिट क्षेत्रफल में भूतल व प्रथम तल पर दो-दो दुकानें तथा द्वितीय तल पर आवासीय निर्माण कराया गया था। इसी तरह शमीम द्वारा पारा में मोहान रोड पर बैंक आफ इंडिया के सामने लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर चार मंजिला भवन का निर्माण कराया गया था। इसके अलावा मुनेश कुमार मौर्या व मिथिलेश मौर्या द्वारा काकोरी में मायापुरी कालोनी में रिवेश ग्रीन्स के बगल में लगभग 1500 वर्गफिट क्षेत्रफल में भूतल पर कमरे व हाॅल आदि का निर्माण कराया गया था।

इस क्रम में आनंद यादव व अन्य द्वारा मायापुरी कालोनी में लगभग 1500 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर व्यवसायिक उपयोग हेतु दो मंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा था। वहीं, रामनरेश यादव व अन्य द्वारा मायापुरी कालोनी में लगभग 2500 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर बारात घर का निर्माण कराया जा रहा था।

प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे इन सभी अवैध निर्माणों के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे।

आदेशों के अनुपालन में आज सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता भरत पाण्डेय, भानु प्रताप वर्मा व प्रमोद कुमार पाण्डेय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से प्रश्नगत स्थलों को सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage