एलडीएः प्रत्येक पटल व कार्यालयों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

लखनऊ विकास प्राधिकरण के सभी कार्यालयों व पटल पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने इस सम्बंध में आदेश जारी किये हैं।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्राधिकरण के विभिन्न अनुभागों में सम्पत्ति एवं विकास/सौंदर्यीकरण कार्य आदि से सम्बंधित कई महत्वपूर्ण पत्रावलियां प्रचलन में रहती हैं। निस्तारण होने तक इन पत्रावलियों का रख-रखाव सम्बंधित पटल पर ही किया जाता है। पत्रावलियों की सुरक्षा के दृष्टिगत उपाध्यक्ष महोदय द्वारा प्रत्येक पटल एवं कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश दिये गये हैं।
अपर सचिव ने बताया कि उपाध्यक्ष महोदय के आदेशानुसार अनुरक्षण विभाग को सीसीटीवी कैमरे लगाने के सम्बंध में निर्देश दे दिये गये हैं। सम्बंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर प्राधिकरण भवन के प्रत्येक तल पर सर्वे कराकर कैमरों के लिए स्थान चिन्हित करने को कहा गया है। सर्वे के उपरांत कैमरे लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।








