एलडीएः मोहनलालगंज, गोसाईंगंज व सैरपुर में 09 अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 एवं जोन-4 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में शुक्रवार को प्रवर्तन टीम ने बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान मोहनलालगंज, गोसाईंगंज व सैरपुर क्षेत्र में 75 बीघा से अधिक क्षेत्रफल में की जा रही 09 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि मोहनलालगंज में नगराम रोड के दहियर में मधुकर यादव, मो0 इरफान व अन्य द्वारा लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। इसी तरह कुलवंत यादव, दिनेश सिंह व अन्य द्वारा गोसाईंगंज के दहियार में लगभग 03 बीघा और ललित शुक्ला, संजय, विशाल यादव व अन्य द्वारा गोसाईंगंज के ग्राम-परेहटा में लगभग 02 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था।

प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन पांचों अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करायी गयी। जिसमें डेवलपर्स द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल आदि को ध्वस्त कर दिया गया।

प्रवर्तन जोन-4 की जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि सैरपुर थानाक्षेत्र के ग्राम-धंतिगरा में सी0पी0 सिंह उर्फ बब्लू, मंशाराम यादव, नीरू सिंह, हंसराज व अन्य द्वारा चार अलग-अलग स्थानों पर 30 बीघा से अधिक क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी।

प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन चारों अवैध प्लाटिंग को अभियान चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage