एलडीएः मोहनलालगंज व काकोरी में गरजा बुलडोजर, 04 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 एवं जोन-3 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को प्रवर्तन टीम ने मोहनलालगंज व काकोरी क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान 04 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया, जिसमें निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल व साइट ऑफिस आदि को ध्वस्त कर दिया गया।

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि सचिन सिंह व अन्य द्वारा मोहनलालगंज में रायबरेली रोड पर कल्ली पूरब में लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। इसी तरह अर्जुन यादव, प्रदीप यादव व अन्य द्वारा कल्ली पूरब में लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसके अलावा गंगा सागर यादव, गुड्डू यादव, इरशाद अंसारी व अन्य द्वारा मोहनलालगंज के पुरसैनी के हरिकंशगढ़ी में लगभग 05 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन तीनों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि मेसर्स गंगा इंटरप्राइजेज के शोभित राठौर, अनिल कुमार व अन्य द्वारा काकोरी में मोहान रोड पर सरोसा भरोसा में लगभग 03 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही उक्त अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।








