एलडीए : दुबग्गा में 05 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, मोहनलालगंज में अवैध निर्माण सील
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-7 एवं जोन-2 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण व प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में प्रवर्तन टीम ने दुबग्गा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 05 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। वहीं, मोहनलालगंज के खुजौली में 01 अवैध निर्माण सील किया गया।
प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि तौहीन व अन्य द्वारा दुबग्गा में रिंग रोड पर एस0एच0एम0 हॉस्टिपल एंड रिसर्च सेंटर के पास लगभग 2,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। वहीं, मान सिंह व अन्य द्वारा दुबग्गा के लीलाखेड़ा में लगभग 5,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी तरह राम किशोर यादव व अन्य द्वारा लीलाखेड़ा में सिद्धेश्वर मंदिर के पास लगभग 2,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में प्लाटिंग की जा रही थी। इसके अलावा अंकित यादव व अन्य द्वारा दुबग्गा के बनियाखेड़ा में लगभग 10,000 वर्गमीटर व श्रवण कुमार व अन्य द्वारा बनियाखेड़ा में लगभग 2,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन पांचों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा अभियान चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि धीरेन्द्र मिश्रा व अन्य द्वारा मोहनलालगंज के खुजौली के जगन्नाथगंज में अवैध रूप से भवन का निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे उक्त अवैध निर्माण के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम द्वारा निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया गया।








