उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट, अपराधी बेलगाम: नसीमुद्दीन सिद्दीकी

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि पीएम के सुरक्षा मामले पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा जांच कराने के लिए स्वतंत्र समिति गठित करने का निर्देश देने के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री की सुरक्षा की आड़ में राजनीति कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अन्य राज्यों में जाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट है, अपराधी बेलगाम है और महिलाओं पर अत्याचार कई गुना बढ़ गए हैं, उसके बावजूद योगी सरकार यह मानने को तैयार नहीं है कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में जिस तरह से प्रेस कॉन्फ्रेंस की, उससे उनकी हताशा नजर आ रही है और उन्होंने नैतिक हार कुबूल कर ली है। उत्तर प्रदेश की जनता के मुद्दों पर बात करने के बजाय उन्होंने जिस तरह से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हताशा जाहिर की उससे साफ़ है कि भाजपा की नैया डूब रही है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों पर बात करने से भाग रहे हैं।

उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बड़ी बड़ी बातें करते हैं, दिल्ली जाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश में हुए अपराधों की घटनाओं, अपराधियों के बुलंद हौसलों पर कुछ नहीं बोलते हैं। लखीमपुर मामले में सीधे तौर पर मंत्री अजय कुमार टेनी के बेटे की भूमिका सामने आने के बाद भी अभी तक मंत्री को हटाया नहीं गया है। अपराधियों का संरक्षण करने वाली योगी सरकार के पाप का घड़ा भर चुका है, जनता के इनके झूठ को समझ चुकी है। अब जनता इनको जवाब देने को तैयार है। योगी सरकार की विदाई तय है.

Related Articles

Back to top button
btnimage