न्याय मंत्री ने 26.88 लाख रूपये की लागत से तीन विभिन्न परियोजनाओं का किया लोकार्पण

लखनऊ।

उत्तर प्रदेश के विधायी एवं न्याय, ग्रामीण अभियन्त्रण मंत्री ब्रजेश पाठक ने आज अपने मध्य विधानसभा क्षेत्र लखनऊ के वाई ब्लाक रिवर बैंक कालोनी में पार्क के निर्माण सहित 26.88 लाख रूपये की तीन विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि काफी समय से खाली जमीन पड़ी थी। कालोनी के नागरिकों द्वारा निरन्तर उस जमीन पर पार्क के निर्माण की मांग हो रही थी। उन्होंने कहा कि नगर निगम की खाली भूमि पर बाउण्ड्री वाल, गेट, साइट डेबलपमेन्ट एवं सौन्दर्यीकरण कराकर हरा-भरा पर्यावरण युक्त पार्क का निर्माण कराया गया।

विधायी एवं न्याय मंत्री आज अपने मध्य विधानसभा क्षेत्र वाई ब्लाक के सामने पार्क में लोकार्पण कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्क के निर्माण से कालोनी में रहने वाले नागरिकों को सहूलियत मिलेगी तथा बच्चों के खेलने की सुविधा होगी। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि पार्क, नाली, सीवर एवं सड़कों की नियमित रूप से साफ सफाई होनी चाहिए। बरसात के मौसम में जल भराव की समस्या नहीं होनी चाहिए। जिससे कि आम जनमानस को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनमानस को बुनियादी सुविधायें दिलाने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कालोनी के निवासियों से कहा कि उनकी जो भी समस्यायें हैं उनके निस्तारण का प्रयास प्राथमिकता से कराया जायेगा।

विधायी एवं न्याय मंत्री आज गोलागंज वार्ड के रीवर बैंक कालोनी वाई ब्लाक के सामने नगर निगम की खाली भूमि पर बाउण्ड्री वाल, गेट एवं साइट डेबलपमेन्ट, वजीरगंज-मशकगंज वार्ड के अस्तबल चारबाग अब्दुला चाय के पास समरसेबल पम्प बोरिंग व पानी की टंकी लगाने एवं वजीरगंज-मशकगंज वार्ड के अस्तबल चारबाग में मकान नं0-162/30 सोनारो वाली गली में समरसेविल पम्प बोरिंग व पानी की टंकी लगाने सम्बन्धी कार्यों का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर रीवर बैंक कालोनी समिति के पदाधिकारियों ने मा0 मंत्री जी द्वारा विधायक निधि से कराये गये पार्क निर्माण के लिए आभार व्यक्त किया।
इसके पश्चात विधायी एवं न्याय मंत्री नेे मौलवीगंज में निर्माणाधीन सीवर एवं नालों का निरीक्षण किया। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में पूरी गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय में पूरा करें, जिससे आम जनता को विकास कार्यों का समय से लाभ मिल सके।

इस लोकार्पण कार्यक्रम में अधिशासी अभियन्ता नगर निगम पी0के0 सिंह, सहायक अभियन्ता सतीश चन्द्र रावत, अवर अभियन्ता किशोरी लाल, पार्षद मुकेश सिंह, मण्डल अध्यक्ष राकेश, हिमांशु सोनकर व स्थानीय जनप्रतिनिधि रमेश तूफानी, मनोज वर्मा, दीपक सोनकर, अजय सोनकर, अमर सोनकर, भोपाल तिलहरी, सतीश मिश्र रीवर बैंक कालोनी समिति के सदस्यगण वन्दना, वीना एवं आर0के0 मालवीय सहित गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage