एलडीए के विशेष शिविर में एक तरफ रजिस्ट्री, दूसरी तरफ फाइलों का हुआ निस्तारण

निबंधन शिविर में 106 आवंटियों ने करायी रजिस्ट्री, सर्वाधिक रजिस्ट्री प्रधानमंत्री आवास, गोमती नगर विस्तार व फ्लैटों की हुयी
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर शिविर में ही आयोजित हुआ सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे
284 फाइलों पर निर्णय लेते हुए किया गया निस्तारित
लखनऊ विकास प्राधिकरण में आयोजित किये जा रहे विशेष निबंधन शिविर में शनिवार को अधिकारियों ने सम्पत्तियों की रजिस्ट्री के साथ ही विभागीय फाइलों का भी निस्तारण किया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी की उपस्थिति में आवंटियों से समन्वय बनाकर निबंधन की कार्यवाही की गयी। जिसके फलस्वरूप एक ही जगह पर 106 आवंटियों ने अपनी रजिस्ट्री करवायी। वहीं, दूसरी तरफ सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे के अंतर्गत 284 प्रकरणों पर निर्णय लेते हुए फाइलों का निस्तारण किया गया।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक सम्पत्तियों का आवंटन किया गया है। इनमें काफी संख्या में सम्पत्तियों की रजिस्ट्री अभी तक नहीं हो पायी है। इसे ध्यान में रखते हुए आवंटियों की सहूलियत के लिए दिनांक-05.12.2023 से दिनांक-20.12.2023 तक प्राधिकरण भवन के बारादरी लॉन में विशेष निबंधन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार को भी कैम्प में बड़ी संख्या में आवंटी पहुंचे। जहां एक ही पटल पर उपस्थित प्राधिकरण के गणना, लेखा, नियोजन व सम्पत्ति अनुभाग के सम्बंधित अधिकारियों व कर्मचारियों ने हाथों-हाथ उनकी रजिस्ट्री की फाइलें तैयार की। जिसके बाद कैम्प में उपस्थित निबंधन विभाग की टीम ने पंजीयन की कार्यवाही सम्पादित करायी।
देर शाम तक चली कार्यवाही के दौरान 106 आवंटियों की रजिस्ट्री की गयी। जिसमें प्रधानमंत्री आवास, विभिन्न योजनाओं के फ्लैट्स, गोमती नगर विस्तार, कानपुर रोड योजना व बसन्तकुंज योजना की सम्पत्तियां शामिल हैं।
शिविर में विशेष कार्याधिकारी राजीव कुमार, प्रिया सिंह, देवांश त्रिवेदी, रविनंदन सिंह, रोहित सिंह एवं उप सचिव अतुल कृष्ण समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी गण भी उपस्थित रहे।








