पिछले 4 साल में भाजपा ने सपा सरकार की योजनाओं के उद्घाटन का उद्घाटन किया

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर है। आज हर वर्ग परेशान है, कानून व्यवस्था ध्वस्त है। भाजपा सरकार पुलिस के जरिए लोगों पर अत्याचार करा रही है। उत्तर प्रदेश में फर्जी एनकांउण्टरों, हिरासत में मौतों के मामलों में राज्य सरकार को मानवाधिकार आयेाग ने सबसे ज्यादा नोटिसे दी है। सच बोलने वाले लोगों को सरकार झूठे मुकदमों में फंसा कर परेशान कर रही है। बीजेपी जनता को डरा कर शासन करना चाहती है।
भाजपा राज में किसान अपमानित किए गए। अपने हक की मांग करने वाले किसानों को भाजपा सरकार में जीप चढ़ाकर कुचल दिया गया। आज खाद के लिए किसान लाइन में लगा है। इस सरकार ने समय पर खाद का इंतजाम नहीं किया। नौजवानों, शिक्षकों पर लाठीचार्ज, शिक्षामित्रों के साथ अन्याय हुआ। पेपर लीक हुए। सरकार रोजी-रोजगार नहीं देना चाहती, इसीलिए पेपर लीक कराये।
भाजपा सरकार में यू.पी. हर मानक में नीचे गया। विकास अवरूद्ध हुआ। गरीबी बढ़ी। महिला अपराध और उत्पीड़न बहुत बढ़ गये हैं। बच्चों के मिड-डे-मील में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार हुआ। राशन वितरण में पर्याप्त पोषकतत्व नहीं है। सरसों का तेल महंगा हो गया है। भाजपा ने जनता से झूठे वादे किए। अपने घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा नहीं किया है। भाजपा के लोग जनता के सामने तो झूठ बोलते है लेकिन उन्हें भगवान के सामने भी झूठ बोलने में संकोच नहीं।
महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। डीजल-पेट्रोल, रसोईगैस के दाम बढ़ गये। इस सबके लिए भाजपा जिम्मेदार है। अपनी पांच साल की विफलताओं को छिपाने और लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा सरकार नए-नए तिकड़म और षडयंत्र रचती रहती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले 4-5 साल में भाजपा सरकार ने सपा सरकार की योजनाओं के उद्घाटन का उद्घाटन किया और शिलान्यास का शिलान्यास किया। भाजपा के पास बताने के लिए अपना कोई काम नहीं है।
भाजपा सरकार झूठ बोलकर झूठे विज्ञापनों के द्वारा ईमानदारी का ढोल पीट रही है। भाजपा सरकार को अब अपने झूठे कीर्तिमानों के होर्डिंग उतरवा लेने चाहिए। जनता चुनाव का इंतजार कर रही है। वह इस बार भाजपा का सफाया कर देगी। लोगों की उम्मीद समाजवादी पार्टी से है। सबको विश्वास है कि समाजवादी सरकार बनने पर किसानों को उनकी फसलों का सही दाम मिलेगा। किसानों को सम्मान मिलेगा। जनता को न्याय मिलेगा। नौजवानों के लिए नौकरी और रोजगार का इंतजाम किया जाएगा।








