ग्रीन कॉरिडोरः समतामूलक से निशातगंज का सफर 5 मिनट में होगा पूरा
कुकरैल 6-लेन ब्रिज, कुकरैल से निशातगंज तक बंधा चौड़ीकरण व निशातगंज 6-लेन ब्रिज का कार्य 15 दिसम्बर तक होगा पूरा

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने ग्रीन कॉरिडोर परियोजना का किया निरीक्षण
समतामूलक चौराहे से निशातगंज जाना अब और भी आसान होगा। यह सफर मात्र 5 मिनट में पूरा होगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा ग्रीन कॉरिडोर के अंतर्गत बनाया जा रहा है यह नया रूट 15 दिसम्बर तक बनकर तैयार हो जाएगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को परियोजना का निरीक्षण करके 10 दिन में काम पूरा करने के निर्देश दिये।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि आई0आई0एम0 रोड से किसान पथ के बीच लगभग 57 किलोमीटर लंबे ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण कराया जा रहा है, जोकि शहर के विकास को नयी रफ्तार देगा। इसके अंतर्गत द्वितीय चरण में समतामूलक चौराहे से निशातगंज के मध्य लगभग 130 करोड़ रूपये की लागत से 03 अहम विकास कार्य करवाये जा रहे हैं। जिसमें 45 करोड़ रूपये की लागत से 240 मीटर लंबा और 24 मीटर चौड़ा कुकरैल 6-लेन ब्रिज बनवाया जा रहा है। वहीं, कुकरैल से निशातगंज के मध्य 40 करोड़ रूपये की लागत से 1.10 किलोमीटर लंबा और 18 मीटर चौड़ा बंधा व सड़क निर्माण का कार्य करवाया जा रहा है। इसी तरह 240 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़े निशातगंज 6-लेन ब्रिज का निर्माण 45 करोड़ रूपये की लागत से कराया जा रहा है।
इस पूरे स्ट्रेच में कुकरैल व निशातगंज पर 02 रोटरी का निर्माण भी कराया जाएगा। उपाध्यक्ष ने बताया कि इन सभी विकास कार्यों का निरीक्षण करके 10 दिन में काम पूरा करने के निर्देश दिये गये हैं। 15 दिसम्बर, 2025 से इस नये रूट पर वाहन फर्राटा भर सकेंगे। एलडीए के मुख्य अभियंता नवनीत शर्मा ने बताया कि ग्रीन कॉरिडोर के तहत निशातगंज से हनुमान सेतु, हनुमान सेतु से डालीगंज और डालीगंज से पक्का पुल के मध्य ब्रिज, आर0ओ0बी0 व बंधे का निर्माण भी कराया जा रहा है। उपाध्यक्ष ने इस रूट में कराये जा रहे निर्माण व विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया, जिसमेें कार्य की गति संतोषजनक पायी गयी। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण के समानांतर हॉर्टीकल्चर व सौंदर्यीकरण के कार्य भी साथ-साथ करवाये जाएं।
इस मौके पर अधिशासी अभियंता अजीत सिंह एवं मनोज सागर, सहायक अभियंता भगत सिंह एवं अतुल मिश्रा, सहायक उद्यान अधिकारी कर्ण सिंह एवं मो0 इमरान समेत अन्य अधिकारी व अभियंता गण उपस्थित रहे।








