महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे अशोक कुमार वर्मा ने यात्रियों हेतु इमरजेंसी मेडिकल रूम का शुभारंभ किया
महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे अशोक कुमार वर्मा ने लखनऊ-निहालगढ़ रेल खण्ड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण, संरक्षा एवं सुरक्षा का लिया जायजा

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा का दिनांक 07 अगस्त 2025 को लखनऊ आगमन हुआ l अपने निरीक्षण कार्यक्रम के तहत आपने लखनऊ-निहालगढ़ रेल खण्ड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए रेल पथ, सिग्नलिंग, संरक्षा एवं संचालन संबंधी विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया l बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने, जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा रेल पथों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस मौसम में किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु सभी संरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन किया जाए ।

विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान मार्ग मे रहमतनगर- छन्दरौली स्टेशनों के मध्य निर्माणाधीन लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) के कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने वहां उपस्थित आम जनमानस से भी संवाद किया व इस मार्ग मे पड़ने वाली लेवल क्रॉसिंग संख्या 136C E-2 को देखा l निरीक्षण के अगले क्रम मे महाप्रबंधक महोदय निहालगढ़ स्टेशन पहुँचे, जहाँ उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसरों की स्वच्छता का अवलोकन किया एवं स्टेशन पर उपस्थित जन प्रतिनिधि एवं मीडिया कर्मियों से संवाद किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर लखनऊ स्टेशन पर यात्रियों की आकस्मिक चिकित्सकीय आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु “इमरजेंसी मेडिकल रूम” का शुभारंभ भी महाप्रबंधक महोदय द्वारा किया गया। इस सुविधा से यात्रियों को आकस्मिक स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
महाप्रबंधक ने आलमबाग स्थित डीजल शेड का भी निरीक्षण किया तथा रनिंग स्टाफ से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। उन्होंने स्टाफ की कार्यप्रणाली एवं डीजल शेड की कार्यक्षमता की सराहना की एवं आवश्यक सुधारों हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त महाप्रबंधक की उपस्थिति मे मण्डल रेल प्रबंधक कार्यालय, लखनऊ में नव-निर्मित कंट्रोल कॉन्फ्रेंस हॉल का उद्घाटन किया गया, जो मंडल की संचालन व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएगा। लखनऊ मंडल में चल रहे निर्माण कार्यों एवं वाराणसी स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा बैठक की गई। बैठक में मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा सहित लखनऊ मंडल के सभी वरिष्ठ विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक द्वारा लखनऊ मंडल में चल रहे विकास कार्यों एवं संरक्षा उपायों की सराहना की गई तथा भविष्य में और अधिक यात्री हितैषी सेवाओं के विस्तार हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।








