SDO अमन तिवारी के अन्यायपूर्ण निलम्बन के विरोध में अभियंता संघ पहुंचा MD MVVNL कार्यालय

लखनऊ 06 दिसम्बर 2023

लेसा में कार्यरत एस0डी0ओ0 अमन तिवारी के अन्यायपूर्ण निलम्बन के विरोध में फील्ड हॉस्टल लखनऊ में हुई आकस्मिक सभा

वितरण क्षेत्रों में विद्युत चोरी में संलिप्त व्यक्तियों की गलत शिकायतों पर की जा रही उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियों पर रोक लगाने की उठी मांग

निलम्बन की कार्यवाही तत्काल वापस किये जाने की मांग

आज लखनऊ स्थित हाईडिल फील्ड हॉस्टल में लेसा के अन्तर्गत विद्युत वितरण उपखण्ड फतेहगंज के एस0डी0ओ0 अमन तिवारी के अन्यायपूर्ण निलम्बन के विरोध में अभियन्ता संघ की आकस्मिक बैठक आहूत की गयी। बिजली चोरी में सम्मिलित शिकायतकर्ता द्वारा झूठी शिकायत किये जाने पर ऊर्जा मंत्री द्वारा दिये गये निर्देश पर मनमाने तरीके से एकतरफा कार्यवाही कर निलम्बन किये जाने पर रोष प्रकट किया गया एवं निलम्बन की कार्यवाही को तत्काल वापस किये जाने की मांग की गयी। साथ ही प्रदेश भर में अभियन्ताओं के विरूद्ध झूठी शिकायतों पर की जा रही उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियों पर रोक लगाने की मांग की गयी।

बैठक में महासचिव अभियन्ता संघ द्वारा बताया गया कि विगत दिनांक 04.08.2023 को शिकायतकर्ता के परिसर पर अवैध तरीके से विद्युत का उपयोग होता पाया गया जिसके विद्युत अधिनियम के धारा 135 के अन्तर्गत प्राथिमिकी दर्ज करायी गयी थी।

इस बिलजी चोर की शिकायत पर SDO निलंबित, मंत्री जी ये कैसा न्याय?

शिकायतकर्ता द्वारा जिस परिवर्तक से संयोजन हेतु आग्रह किया जा रहा है वह परिवर्तक स्थानीय निवासी का पूर्ण जमा योजना के अन्तर्गत रखा गया है जिससे शिकायतकर्ता के परिसर की दूरी भी मानक से अधिक है। नियमविरूद्ध संयोजन न दिये जाने के कारण शिकायतकर्ता द्वारा ऊर्जा मंत्री के जनता दर्शन कार्यक्रम में गलत तथ्यों को प्रस्तुत कर झूठी शिकायत की गयी और शिकायतकर्ता का यह कथन कि विभाग की मिली-भगत से चोरी से बिजली चलवायी जा रही थी पूर्णतः निराधार है जबकि विभागीय कार्मिकों द्वारा उस क्षेत्र के दूसरे परिवर्तक पर हो रही बिजली चोरी को भी पकड़ा गया और प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। विभाग द्वारा समय-समय पर बिजली चोरी पर अंकुश लगाये जाने हेतु अभियान चलाये गये हैं जिससे लेसा क्षेत्र में लाइन हानियों में कमी आयी है तथा राजस्व में वृद्धि हुई है।

उपरोक्त प्रकरण में उ0प्र0 राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ द्वारा मध्यांचल डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक से मुलाकात कर सम्पूर्ण प्रकरण से अवगत कराते हुए निलंबन की कार्यवाही को समाप्त करने का अनुरोध किया गया। चर्चा के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि इस प्रकार एकतरफ़ा गलत कार्यवाही से प्रदेश के समस्त अभियंताओं में भारी रोष एवं निराशा व्याप्त है तथा अभियन्ताओं के मनोबल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है जबकि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्युत अभियन्ता निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं राजस्व वसूली के कार्यों में पूर्ण मनोयोग अहर्निष जुटे हुए है। प्रबंध निदेशक महोदय द्वारा पूरे प्रकरण की न्याय संगत तरीके से जांच कर सार्थक कार्यवाही किये जाने का पूर्ण आश्वासन दिया गया।

आज की सभा में इं0 जितेन्द्र सिंह गुर्जर, इं0 रणवीर सिंह, इं0 आलोक कुमार, इं0 देवेन्द्र बहादुर, इं0 एस0के0 सिंह, इं0 राहुल सिंह, इं0 एन0 के0 सिंह, इं0 अनिमेश, इं0 अभिषेक, इं0 विजय तिवारी, इं0 संतोष कुमार आदि समेत काफी संख्या में अभियन्तागण उपस्थित रहे।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
btnimage