उत्तर रेलवे की तत्परता से अवध आसाम एक्सप्रेस में महिला यात्री ने जुड़वां शिशुओं को दिया जन्म

अवध आसाम एक्सप्रेस में गर्भवती महिला को हुई प्रसव पीड़ा पर उत्तर रेलवे की तत्पर कार्रवाई

गाड़ी संख्या 15910 अवध आसाम एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक परिवार के लिए लखनऊ मंडल की त्वरित कार्यवाही जीवनदान साबित हुई। परिवार लालगढ़ से समस्तीपुर की ओर जा रहा था। यात्रा के दौरान, ट्रेन के लखनऊ स्टेशन पहुँचने से पहले महिला यात्री हीरा देवी (पत्नी छोटू, निवासी समस्तीपुर) को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।

महिला के परिजनों ने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लखनऊ स्टेशन पर आवश्यक चिकित्सीय व्यवस्था सुनिश्चित की।

ट्रेन के स्टेशन पहुँचते ही महिला यात्री को सुरक्षित उतारकर महिला आरपीएफ कर्मियों, उत्तर रेलवे मंडलीय चिकित्सालय और एमर्जेंसी मेडिकल रूम की चिकित्सक टीम द्वारा तत्काल चिकित्सीय सहायता प्रदान की गई। साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा को भी बुलाया गया।

हालाँकि एम्बुलेंस पहुँचने से पहले ही चिकित्सक दल ने महिला का सुरक्षित प्रसव कराया और उसने जुड़वां शिशुओं — एक बालक और एक बालिका — को जन्म दिया। प्रसव के उपरांत जच्चा एवं बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

महिला ने स्वयं अस्पताल जाने से इंकार किया और रेलवे द्वारा की गई त्वरित चिकित्सीय सहायता के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। परिवार रेलवे के इस मानवीय सहयोग से अत्यंत प्रसन्न दिखा। तत्पश्चात, वे अपनी आगे की यात्रा ग्वालियर–बरौनी एक्सप्रेस से रवाना हो गए।

उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल की इस तत्परता ने एक बार फिर साबित किया है कि रेलवे न केवल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के प्रति समर्पित है, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर मानवीय सेवा और संवेदना का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।

Related Articles

Back to top button
btnimage