उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धा सुमन अर्पित किया

लखनऊ (23 जून, 2019)। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक, महान शिक्षाविद् व प्रखर राष्ट्रवादी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 66 वीं पुण्यतिथि व बलिदान दिवस पर लखनऊ स्थित डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन, कृत्य और उनका राष्ट्रवादी चिंतन आज भी देश के लिए प्रेरणा-स्रोत है। एक मजबूत और अखण्ड भारत के लिए उनका जुनून आज हम सबको राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की एकता व अखण्डता के लिए दिये गये उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए देश सदैव उनका कृतज्ञ रहेगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने पर ही तमाम समस्यायें पैदा हुई हैं वहां लागू धारा 370 को हटाये बगैर समस्याओं का समाधान नहीं होगा। इस अवसर पर प्रदेश के विधि एवं न्याय मंत्री बृजेश पाठक ने भी डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी कीे प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किये। उल्लेखनीय है कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म 6 जुलाई 1901 को कोलकाता में हुआ था और 23 जून 1953 को मृत्यु हुई। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी 33 वर्ष की अल्पायु में ही कोलकाता विश्वविद्यालय के कुलपति बने। भारत के पहले मंत्रिमंडल में वह वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री रहे।






