अमृत महोत्सव के अवसर पर देश के सबसे बड़े ड्रोन शो का आयोजन लखनऊ में

भारत की आज़ादी के 75 वर्ष के अमृत महोत्सव के अवसर पर देश के अब तक के सबसे बड़े ड्रोन शो का आयोजन लखनऊ में 1857 की प्रथम क्रांति का साक्षी बनी रेज़िडेन्सी में 20 दिसम्बर को शाम 6.00 बजे से किया जायेगा।
इसकी थीम प्रथम भारतीय स्वाधीनता संग्राम सन 1857 से लेकर सन 1947 तक की गाथा को आसमान में एकसाथ 500 ड्रोन के माध्यम से संगीत, लेजर लाइट, रंग बिरंगे ड्रोन की कलाबाज़ियों द्वारा प्रस्तुत किया जायेगा।
इस ड्रोन शो को दिखाने के लिये रुस से 500 ड्रोन मंगाये गये हैं तथा रुस से ड्रोन इंजीनियरों की विशेष टीम लखनऊ में डेरा डाल चुकी है. 20 दिसम्बर के दिन इस कार्यक्रम के लिये शाम 5.00 बजे रेज़िडेन्सी में सभी लोगों के लिये प्रवेश नि:शुल्क होगा.
इससे पहले सन 2020 में मुम्बई में 250 ड्रोन का और प्रयागराज कुम्भ में 100 ड्रोन का प्रदर्शन किया गया था.
आज़ादी के अमृत महोत्सव एवम् चौरी चौरा शताब्दी समारोह के अवसर पर संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार, पर्यटन एवम् संस्कृति विभाग उत्तरप्रदेश तथा ज़िला प्रशासन लखनऊ द्वारा आयोजित किए जाने वाले भारत के सबसे बड़े मेगा ड्रोन शो के आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि होंगे। साथ ही भारत सरकार की संस्कृति राज्य मन्त्री मीनाक्षी लेखी एवं अन्य मन्त्रीगण भी हिस्सा लेंगे।
इसी दिन रेज़िडेन्सी के इतिहास पर बनाया गया लाइट एंड साउण्ड शो का भी उद्घाटन किया जायेगा।
कार्यक्रम शाम ठीक 6.00 बजे प्रारम्भ हो जायेगा। सभी लोगों के बैठने के लिये पर्याप्त व्यवस्था की गयी है। फिर भी पहले आओ पहले पाओ के आधार पर 5.30 बजे से पूर्व आना उचित होगा।

Related Articles

Back to top button
btnimage