मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पत्रकार प्रतिनिधिमंडल की सौहार्दपूर्ण मुलाकात, पत्रकार कल्याण की मांगों पर सकारात्मक आश्वासन

उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के संयोजक प्रभात त्रिपाठी प्रशासनिक सलाहकार शेखर श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों की मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया

पूर्व भाजपा सांसद शीशराम सिंह रवि ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की

लखनऊ, 21 अगस्त 2025

उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज देर शाम 5:20 से 5:35 बजे के बीच उनके आवास 5, कालिदास मार्ग पर एक विशेष प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। यह प्रतिनिधिमंडल पूर्व सांसद व भाजपा नेता श्री शीशराम सिंह रवि के नेतृत्व में पहुंचा, जिसमें कुल चार सदस्य शामिल थे।

शीशराम सिंह रवि ने मुख्यमंत्री को अपने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। इसके पश्चात उन्होंने उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के प्रतिनिधियों का परिचय कराया।

मुख्यमंत्री से हुई यह बैठक सौहार्द और सहयोगात्मक माहौल में संपन्न हुई। समिति के संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र सौंपा, जिसमें प्रदेश के पत्रकारों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं का उल्लेख किया गया।

प्रमुख मांगे:

  • वरिष्ठ पत्रकारों के लिए पेंशन योजना

  • पत्रकार सुरक्षा की कानूनी गारंटी

  • पत्रकारों हेतु आयुष्मान भारत योजना का अलग फंड

  • पीजीआई में पत्रकारों के लिए रिवॉल्विंग फंड की स्थापना

  • दिवंगत पत्रकारों के परिवार को ₹20 लाख की आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि वे संबंधित अधिकारियों से शीघ्र वार्ता कर इन समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी 11 सितंबर 2025 को लखनऊ में आयोजित हो रहे समिति के प्रथम स्थापना दिवस समारोह में सम्मिलित होने का आमंत्रण पत्र भी भेंट किया।

इस मुलाकात के दौरान पूर्व सांसद शीशराम रवि के साथ उनके सहयोगी बलराम सिंह (पूर्व ब्लॉक प्रमुख, ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद), समिति के प्रशासनिक सलाहकार शेखर श्रीवास्तव, एवं जुझारू सदस्य उमाकांत वाजपेई भी उपस्थित रहे।

समिति की ओर से मुख्यमंत्री को राधा-कृष्ण का एक प्रतीक चिह्न भेंट स्वरूप दिया गया।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पत्रकारों के हितों की रक्षा व कल्याण के लिए उनकी सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button
btnimage