CMYogi मुरादाबाद के तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय के छठवें दीक्षान्त समारोह में शामिल हुए

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमें अपने विश्वविद्यालयों को शोध के उत्कृष्ट केन्द्र के रुप में विकसित करना होगा। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक परिस्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों तथा भौगोलिक परिस्थतियों पर लेखन की आदत डालनी चाहिए। उन्हें स्थानीय परिस्थितियों पर कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी ने जनपद मुरादाबाद में तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय के छठवें दीक्षान्त समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि जीवन में महान बनने के किसी अवसर से चूकना नहीं चाहिए। सदैव आगे बढ़ने के लिए निरन्तर प्रयास करना चाहिए। विद्यार्थियों को जिस नये मार्ग को चुनना है, दीक्षान्त समारोह उसको एक नवीनता प्रदान करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने तैत्तिरीय-उपनिषद् का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को सत्य एवं धर्मपूर्ण आचरण को अपनाने, स्वाध्याय में आलस्य न करने एवं भारतीय मनीषियों के उच्च जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट में मुरादाबाद मण्डल के एक विश्वविद्यालय की घोषणा की है। प्रदेश में 19 राज्य विश्वविद्यालय, एक ओपन यूनिवर्सिटी व एक डीम्ड यूनिवर्सिटी कार्यरत है। 30 निजी क्षेत्र के विश्वविद्यालय, 172 राजकीय महाविद्यालय, 331 सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालय और 7372 स्वावित्त पोषित महाविद्यालय उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। 03 नये विश्वविद्यालय-माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय सहारनपुर, राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय अलीगढ़, महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय आजमगढ़ में शीघ्र ही पठन-पाठन का कार्य प्रारम्भ होने जा रहा है।

राज्य सरकार 04 नये विश्वविद्यालय अगले सत्र से प्रारम्भ करने जा रही है, जिनमें मुरादाबाद विश्वविद्यालय मुरादाबाद, माँ विन्ध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय, माँ पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय देवीपाटन मण्डल और कुशीनगर का कृषि विश्वविद्यालय शामिल हैं। राज्य सरकार द्वारा महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय गोरखपुर, उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय प्रयागराज, अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी लखनऊ और विश्वविद्यालय के समकक्ष उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज लखनऊ तथा मेजर ध्यानचन्द स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय मेरठ का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

हमारे विश्वविद्यालयों व शिक्षण संस्थानों को इण्डस्ट्री की जरूरत के अनुरूप मैनपावर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करना होगा। सभी विश्वविद्यालयों को अपने दायरे को भी बढ़ाना होगा तभी हमारे विश्वविद्यालय सकारात्मक ऊर्जा के माध्यम से आगे बढ़ते हुए उत्तर प्रदेश को देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को शोध के उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित किए जाने पर बल दिया।

प्रदेश के युवाओं को तकनीकी दृष्टि से सक्षम बनाने के लिए प्रदेश सरकार अनेक कार्यक्रम चला रही है। राज्य में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अन्तर्गत युवाओं को स्किल्ड करने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। प्रदेश सरकार 02 करोड़ युवाओं को टैबलेट/स्मार्ट फोन उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ रही है। अब तक 20 लाख युवाओं को बिना भेदभाव के टैबलेट/स्मार्ट फोन उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

विगत 06 वर्ष पूर्व प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया गया था, लेकिन आज हमारे युवाओं को अपनी पहचान छुपाने की आवश्यकता नहीं पड़ती है। प्रदेश के हर जनपद में एक्सपोर्ट प्रमोशन के सेन्टर विकसित किए जा रहे हैं। प्रदेश के सभी जनपदों के परम्परागत प्रोडक्ट्स को नये डिजाइन एवं नई तकनीक के साथ विकसित किया जा रहा है। जनपद मुरादाबाद पीतल के बने सामानों के लिए प्रसिद्ध है। आज जनपद मुरादाबाद एक्सपोर्ट का एक सेन्टर बनकर उभर रहा है। यहां से लगभग 1500 करोड़ रुपये का एक्सपोर्ट हो रहा है।

आज भारत दुनिया में एक नई ताकत बन रहा है। वैश्विक महामारी कोरोना का बेहतरीन प्रबन्धन एवं नियंत्रण इसका साक्ष्य है। 220 करोड लोगों को मुफ्त में वैक्सीन देने वाला भारत पहला देश है। विगत 03 वर्षों से देश के 80 करोड लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। दुनिया की सबसे तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्था के रूप में आज भारत विश्व पटल पर नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देशवासियों से अगले 25 वर्ष के अमृत काल में ‘पंचप्रण’ लेकर अथक परिश्रम करने का आह्वान किया है, जिससे वर्ष 2047 में आजादी के 100 साल पूर्ण होने पर भारत को विश्व में एक महाशक्ति का स्थान दिलाया जा सके। ‘पंचप्रण’ के रूप में भारत को विकसित देश बनाने में हर भारतवासी को अपना योगदान देना होगा तथा गुलामी के हर एक अंश से मुक्त होना होगा। हमें अपनी विरासत पर गर्व करते हुए एकता और एकजुटता के साथ आगे बढ़ना होगा। देश के सभी नागरिकों को अपने कर्तव्यों का पालन करना होगा, क्योंकि जितने अधिकार महत्वपूर्ण होते हैं, उतने ही कर्तव्य भी महत्वपूर्ण होते हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार मजबूत कानून-व्यवस्था के साथ विकास को निरन्तर गति प्रदान कर रही है। परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश निवेश का दुनिया का सबसे बेहतरीन गन्तव्य बन चुका है। हाल ही में सम्पन्न यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु व प्रधानमंत्री जी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। इस ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से उत्तर प्रदेश को 35 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। यह निवेश प्रस्ताव विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त हुए हैं। प्रदेश में फार्मेसी पार्क बनने जा रहा है। राज्य सरकार ने फार्मेसी के विश्वस्तरीय इंस्टीट्यूट के निर्माण के लिए इस वित्तीय वर्ष के बजट में प्राविधान किया है। प्रदेश सरकार अगले 04 वर्षों में इन निवेश प्रस्तावों के माध्यम से 01 करोड़ युवाओं को नौकरी व रोजगार उपलब्ध कराने जा रही है।

दीक्षान्त समारोह के अवसर पर पी0एच0डी0, स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा के 5988 मेधावी छात्र-छात्राओं को उपाधियां वितरित की गईं।

Related Articles

Back to top button
btnimage