मुख्य सचिव ने स्मार्ट सिटी कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया

लखनऊ। मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने लालबाग स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को संचालित करने वाली इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को भी देखा।
इस दौरान मुख्य सचिव ने स्ट्रीट लाइट, वाई-फाई सेंटर और वाटर स्काड के साथ-साथ कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के संचालन व पर्यवेक्षण प्रक्रिया को भी देखा और अधिकारियों को निर्देश दिए कि हाईटेक यातायात व्यवस्था (आईटीएमएस) के संबंध में बच्चों को जागरुक किया जाये तथा स्कूल-कालेज के छात्र-छात्राओं को स्टडी टूर भी कराया जाए।
इस अवसर पर मण्डलायुक्त रंजन कुमार ने स्मार्ट सिटी योजना के अन्तर्गत किये जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। निरीक्षण के समय मंडलायुक्त रंजन कुमार, नगर आयुक्त अजय द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।








