मुख्यमंत्री योगी ने जनपद सम्भल के विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की

सम्भल का विकास सरकार की प्राथमिकता में, चरणबद्ध तरीके से सम्भल का विकास करें : मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में जनपद सम्भल के विकास कार्यों तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने राजस्व, गृह, न्याय, धर्मार्थ कार्य, लोक निर्माण, पर्यटन-संस्कृति, नगर विकास समेत कई विभागों के कार्यों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्भल का विकास सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने शासन व जनपद के अधिकारियों को निर्देशित किया कि चरणबद्ध तरीके से जनपद सम्भल का विकास करें। पहले चरण में प्राचीन तीर्थों व कूपों का पुनरुद्धार कराएं। दूसरे चरण में म्यूजियम व लाइट एण्ड साउण्ड आदि विकास कार्यों पर फोकस करें। उन्होंने कहा कि सम्भल में 68 तीर्थ व 19 कूप हैं। प्रदेश सरकार इन तीर्थों के जीर्णोद्धार व पहचान दिलाए जाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को इन कार्यों में तीव्रता लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इण्टीग्रेटेड कॉम्पलेक्स भवन में सभी विभागों के कार्यालय हों। मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि आवासीय व अनावासीय भवन के लिए 93 फीसदी भूमि क्रय कर ली गई है। मुख्यमंत्री ने डी0पी0आर0 बनाने के साथ ही कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सम्भल में जनपद न्यायालय, कारागार व पी0ए0सी0 की स्थापना के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने 24 कोसी परिक्रमा के साथ ही महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों के समीप भूमि अधिग्रहण, सड़क निर्माण व सार्वजनिक सुविधाएं बढ़ाए जाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने महिष्मती नदी के पुनरुद्धार कार्य की जानकारी लेते हुए कहा कि नदियां जीवनदायिनी है। सरकार नदियों के संरक्षण के लिए कार्य कर रही है। नमामि गंगे परियोजना के अन्तर्गत प्रोजेक्ट तैयार कराकर महिष्मती नदी के पुनरुद्धार कार्य में तेजी लाई जाए।

मुख्यमंत्री ने नगर विकास विभाग की वंदन योजना, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना, अंत्येष्टि स्थल विकास योजना, नगरीय जल विकास योजना, झील/पोखर/तालाब योजना व पण्डित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत होने वाले कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की और इनके अन्तर्गत किए जा रहे कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सी0बी0जी0 प्लांट के निर्माण की कार्रवाई में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
btnimage