मुख्यमंत्री योगी ने महराजगंज में 208 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 79 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के अन्तर्गत चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रतीकात्मक चेक, टूल-किट, ट्रैक्टर तथा आवास की चाभी प्रदान की

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार के विकासपरक कार्यों के परिणामस्वरूप, उत्तर प्रदेश में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। आज उत्तर प्रदेश भारत का सबसे अच्छे इंफ्रास्ट्रक्चर वाला प्रदेश है। देश के कुल एक्सप्रेस-वे में प्रदेश की 60 प्रतिशत हिस्सेदारी है। यह सबसे ज्यादा एयरपोर्ट तथा मेट्रो ट्रेन का संचालन करने वाला प्रदेश है। देश में सर्वाधिक तेज गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उत्तर प्रदेश ने सुरक्षा का नया मॉडल प्रस्तुत किया है। प्रदेश का कोई नागरिक जब कहीं बाहर जाता है, तो उसे सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। उत्तर प्रदेश भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बन गया है। इसे आगे बढ़ने से कोई रोक नहीं सकता।


मुख्यमंत्री ने जनपद महराजगंज के मधुबन नगर, नौतनवां में 208 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 79 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त किये। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के अन्तर्गत चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रतीकात्मक चेक, टूल-किट, ट्रैक्टर तथा आवास की चाभी प्रदान की। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन तथा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल दोनों मित्र देश के रूप में एक साझी विरासत का प्रतिनिधित्व करते हैं। दोनों देशों के बीच रोटी-बेटी का सम्बन्ध है। नेपाल के लोग भारत में तथा भारत के लोग नेपाल में बिना किसी बाधा के आते-जाते हैं। बौद्ध तीर्थ-स्थल तथा बौद्ध परिपथ का हिस्सा होने के कारण देश और दुनिया की नजर दोनों देशों के इस सीमावर्ती क्षेत्र में बनी रहती है। इसलिए महराजगंज के इन क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास अत्यन्त आवश्यक है। प्रदेश सरकार द्वारा इन क्षेत्रों का अनवरत विकास किया जा रहा है। विकास की यह यात्रा बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके और बिना झुके अनवरत चलती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महराजगंज का नौतनवां विधान सभा क्षेत्र विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। यहां के जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों को प्रदेश सरकार द्वारा तत्काल स्वीकृति प्रदान की जाती है। यहां जनप्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी विधान सभा में मन्दिरों के सुन्दरीकरण का काम कराया। यदि आप सही जनप्रतिनिधि नहीं चुनते, तो क्या यह विकास के कार्य सम्भव थे। आपके एक वोट ने कायाकल्प करने का काम किया। जब आपका वोट सही जगह पड़ेगा, तो क्षेत्र का विकास होगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा, अन्नदाता किसानों की खुशहाली होगी, प्रत्येक बेटी को सुरक्षा तथा गरीबों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिलेगा।

महराजगंज की प्रत्येक जनसमस्या का निराकरण करने के लिए प्रदेश सरकार कृतसंकल्पित है। वर्ष 2017 से पूर्व, यहां इन्सेफेलाइटिस बीमारी महामारी के रूप में थी, जो नौनिहालों को असमय काल-कवलित कर देती थी। स्वास्थ्य सुविधाओं का कोई पुरसाहाल नहीं था। विगत 09 वर्षों में प्रदेश सरकार के प्रयास से इन्सेफेलाइटिस बीमारी समाप्त हो चुकी है। अब बच्चे असमय काल-कवलित नहीं होते हैं। जनपद महराजगंज में मेडिकल कॉलेज क्रियाशील है।

मुख्मयंत्री ने कहा कि पहले यहां अव्यवस्था व अराजकता का वातावरण व्याप्त था। सरकारी तथा गरीबों की सम्पत्तियों पर जबरन कब्जा किया जाता था। विकास कार्यां में बाधा उत्पन्न होती थी। किसान बेहाल, युवा परेशान तथा बेटी असुरक्षित थी। अब कोई बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने तथा गौ माता की हत्या करने का दुस्साहस नहीं कर सकता है। पहले नौकरी व रोजगार के अभाव में युवा पलायन करने को मजबूर था। अब यहां के युवाओं को स्थानीय रूप से रोजगार दिलाने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न सरकारी नौकरियों से भी जोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर और महराजगंज को जोड़ने तथा नौतनवां पहुंचने के लिए 02-लेन की भी सड़क सुविधा नहीं थी। यहां की सड़कें गड्ढायुक्त थीं। ठूंठीबाड़ी से महराजगंज की सड़क काफी खराब थी। यहां विद्युत सुविधाओं का अभाव था। आज गोरखपुर-सोनौली मार्ग 04-लेन का बन रहा है। जो दूरी पहले दो घण्टे में तय होती थी, इस मार्ग के पूर्ण होने के पश्चात वही दूरी 45 से 50 मिनट में तय की जा सकेगी। गोरखपुर में बाईपास बन रहे हैं। यदि जंगल कौड़िया से लखनऊ की ओर जाना है, तो जंगल कौड़िया से सहजनवा के बीच एक बाईपास बन चुका है। जंगल कौड़िया से कुशीनगर की ओर जाने के लिए नया बाईपास का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि जब आप एक दिशा में सोचते तथा एक साथ आगे बढ़ते हैं, तो दुनिया की कोई ताकत आपके प्रवाह को नहीं रोक सकती। आज प्रदेश में 02-लेन तथा 04-लेन सड़कों का बेहतरीन नेटवर्क बनाया जा रहा है, क्योंकि विकास की पहली शर्त अच्छी सड़कें हैं। हमने केवल समाज को ही नहीं जोड़ा, बल्कि यहां के जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर सभी आवश्यक स्थानों पर पुल स्वीकृत कर आवागमन की सुविधाओं का विकास किया है। महाराजगंज में आई0टी0आई0 व पॉलीटेक्निक सहित कई अन्य संस्थान बन चुके हैं। नए उद्योग लाने की तैयारी चल रही है। उद्योग युवाओं के लिए रोजगार सृजन का माध्यम बनेंगे। सरकार जनपद में बन्द पड़े चीनी उद्योगों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य योजना तैयार कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता किसानों के लिए नदी तथा बरसात के पानी को रोकने के लिए रोहिन में बनैलिया बैराज का निर्माण किया गया। इससे हजारों एकड़ भूमि के लिए सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे किसानों की आमदनी को कई गुना बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही, वनटांगिया गांव के लोग, जो आजादी के बाद भी अपने अधिकारों से वंचित थे, उन्हें डबल इंजन सरकार ने उनका अधिकार दिलाते हुए सम्मानजनक रूप से आगे बढा़ने के लिए पट्टा उपलब्ध कराया। उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया गया तथा शासन की विभिन्न सुविधाओं से आच्छादित किया गया। आज वहां सभी प्रकार की सुविधाएं हैं। प्रत्येक गरीब के पास अपना मकान तथा शौचालय है। उन्हें निःशुल्क राशन तथा आयुष्मान कार्ड भी उपलब्ध कराया जा रहा है। गांव में बेहतर कनेक्टिविटी है।

डबल इंजन सरकार प्रत्येक गरीब तथा वंचित की पीड़ा सुनकर उसका त्वरित समाधान निकाल रही है। यहां का किसान सिंचाई की सुविधा और सरकार की योजना के अन्तर्गत ट्रैक्टर व बीज प्राप्त कर रहा है। किसानों की उपज की खरीद के लिए क्रय केन्द्रों के माध्यम से व्यवस्था की गई है। यदि किसान चाहे तो अपनी उपज ज्यादा दाम मिलने पर बाजार में बेचे अन्यथा सरकार उसे खरीदेगी। प्रदेश सरकार द्वारा मन्दिरों का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। वहां जन सुविधाओं का विकास किया गया। विकास कार्यक्रमों तेजी लाने का कार्य किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 500 वर्ष पूर्व, प्रभु श्रीराम के मन्दिर को एक विदेशी आक्रान्ता ने खण्डित करने का दुस्साहस किया था। 500 वर्षों से प्रत्येक स्तर पर संघर्ष चल रहा था। जब भी हम राम मन्दिर आन्दोलन के दौरान महाराजगंज जनपद आते थे, यहां के हजारों राम भक्त प्रभु श्रीराम मन्दिर आन्दोलन के संघर्ष में अग्रिम पंक्ति में खड़े होते थे। तब एक ही नारा गूंजता था कि ‘रामलला हम आएंगे, मन्दिर वहीं बनाएंगे’। 496 वर्षों के पश्चात प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में श्रीरामलला विराजमान हो पाए। अयोध्या धाम में आज दुनिया का सबसे बड़ा मन्दिर राम मन्दिर के रूप में खड़ा है। यहां हनुमान जी का मन्दिर बन गया है। काशी में श्री काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर बन चुका है। इन सभी का आशीर्वाद हमें प्राप्त हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उतार और चढ़ाव जीवन का हिस्सा होता है। हमने प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में विपरीत परिस्थितियों में सामूहिक रूप से मिलकर कोरोना जैसी महामारी का मुकाबला किया। हाल ही में पश्चिमी एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण तेल, डीजल, पेट्रोल, एल0पी0जी0 तथा उर्वरक की आपूर्ति पर असर पड़ा है। भारत सरकार को प्रतिदिन हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। यह नुकसान जनता और देश का है। ईंधन आपूर्ति की सप्लाई चेन को सुचारू रखने के प्रयास लगातार किये जा रहे हैं। दुनिया के बड़े-बड़े देशों में डीजल, पेट्रोल, एल0पी0जी0 के दाम कई गुना बढ़ गए हैं, लेकिन भारत ने इन्हें अब तक नियंत्रित रखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुसार, प्रत्येक व्यक्ति को सरकार के साथ खड़े रहकर देश का सम्बल बनना होगा। हमें लोगों की नकारात्मक राजनीति और नैरेटिव का शिकार नहीं होना है। देश से बढ़कर कोई नहीं है। हम सभी को देश प्रथम के भाव के साथ कार्य करना होगा। प्रत्येक प्रदेशवासी के मुख से यही शंखनाद निकलना चाहिए कि हम प्रधानमंत्री के साथ हैं। जितनी आवश्यकता हो, बिजली की खपत उतनी ही करिए। बच्चों को स्कूल भेजने के लिए स्कूल बस तथा सार्वजनिक वाहनों का प्रयोग करें। बूंद-बूंद से घड़ा भरता है। प्रत्येक व्यक्ति के प्रयास से हम इस परिस्थिति से आसानी से निपट सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सीमावर्ती क्षेत्र है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि यदि कोई किसान दो बोरी यूरिया प्रयोग करता है, तो वह डेढ़ बोरी प्रयोग करने का प्रयास करे। इसकी भरपाई के लिए वह कम्पोस्ट खाद उपयोग में ला सकता है। निराश्रित गौ-स्थलों के माध्यम से हमारा प्रयास है कि महराजगंज जनपद की खाद यहीं के किसानों को मिले। महराजगंज से बाहर सप्लाई नहीं होनी चाहिए। कृषि रक्षा केन्द्रों व समितियों को इसके लिए तैयार होना होगा। प्रत्येक नागरिक को जागरूक होना पड़ेगा। प्रत्येक जनप्रतिनिधि को अन्नदाता किसानों व जनता जनार्दन के साथ खड़ा होना होगा। वर्तमान की चुनौतियों का सामना करने के लिए अनावश्यक जन आक्रोश का कारण बनने वाली अनैतिक कालाबाजारी तथा गतिविधियों को रोकना होगा। यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी ज्वेलर्स व सर्राफा व्यवसायी विदेश से सोना मंगाने की बजाय घरों में उपलब्ध सोने की मरम्मत व रिमॉड्यूलिंग में अपना ध्यान केन्द्रित करें। यदि हम सब इस दिशा में कार्य करेंगे, तो अपना तथा देश का पैसा बचाकर इस वैश्विक संकट से उबर सकेंगे।

इस अवसर पर जनपद महराजगंज के विकास पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी। कार्यक्रम को विधायक ऋषि त्रिपाठी ने भी सम्बोधित किया।

इस अवसर पर आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 दयाशंकर मिश्र ‘दयालु‘, विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह, जयमंगल कन्नौजिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे

Related Articles

Back to top button
btnimage