मुख्यमंत्री ने सहारनपुर में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद सहारनपुर भ्रमण के दौरान पुलिस लाइन सभागार में आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बाढ़ राहत कार्य युद्ध स्तर पर चलाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावितों की मदद में किसी भी प्रकार की कोताही ना बरती जाए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे इन क्षेत्रों में संक्रामक बीमारी फैलने न पाए। बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर सफाई कराई जाए और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जाए। बाढ़ के पानी की निकासी के बाद बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की प्राथमिकता पर मरम्मत करायी जाए।

मुख्यमंत्री ने जनपद के मंत्रीगण को राहत सामग्री एवं व्यवस्था की देख-रेख के दृष्टिगत तीन दिनों तक जनप्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण के निर्देश दिए। उन्हांने कहा कि प्रभावितों को नियमानुसार राहत सामग्री तथा मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। जन, घर, पशु या फसल की हानि पर तत्काल मुआवजा दिलाया जाए। अतिवृष्टि से प्रभावित 118 गांवों में ग्रामवासियों एवं शहर के 28 मोहल्लों के निवासियों को राहत किट के साथ ही, महिलाओं को डिग्निटी किट उपलब्ध करायी जाए।

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि जो पुल टूटे हुए हैं, उनकी बैरीकेडिंग करते हुए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए। नदी के कैचमेंट एरिया में बसायी गयी कॉलोनियों या मोहल्लों को बसाने में भूमाफियाओं की भूमिका की जांच की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने के साथ-साथ सर्पदंश एवं अन्य विषैले कीड़ों से बचाव के लिए एंटी स्नेक वेनम, एंटी रेबीज इन्जेक्शन की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां पर विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है, वहां यथाशीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए। जब तक विद्युत आपूर्ति सुचारु नहीं हो पा रही है तब तक के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाए रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत शिवभक्तों एवं श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा की व्यवस्थाएं बनाकर रखी जाएं, निरंतर पैदल मार्च किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से अच्छी व्यवस्थाएं की गयी है। जिला प्रशासन द्वारा भी अच्छा कार्य किया जा रहा है। उन्होने जिला प्रशासन को शनिवार को कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री को बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में किये जा रहे राहत एवं बचाव कार्य से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री को बैठक के दौरान मण्डलायुक्त सहारनपुर द्वारा बाढ़ एवं राहत बचाव कार्यों तथा पुलिस उप महानिरीक्षक द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान की गयी व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में पी0पी0टी0 के माध्यम से जानकारी दी गयी।

इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage