मोहनलालगंज व काकोरी में 10 अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, पारा मेें अवैध कार बाजार व व्यावसायिक कॉम्पलेक्स सील

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 एवं जोन-3 की टीम ने की बड़ी कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण व प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में गुरूवार को प्रवर्तन टीम ने बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान मोहनलालगंज में लगभग 52 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 05 अवैध प्लाटिंग व काकोरी में लगभग 18 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 05 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा पारा में अवैध रूप से संचालित 03 कार बाजार/वर्कशॉप व 01 व्यावसायिक कॉम्पलेक्स को सील किया गया।

मुख्यमंत्री योगी के अपर मुख्य सचिव रहे एसपी गोयल को बनाया गया यूपी का नया मुख्य सचिव

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि प्रदीप चौधरी, आदिल खान व अन्य द्वारा मोहनलालगंज के खुजौली में नगराम रोड पर लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। इसी तरह खुजौली में अरविंद कुमार द्वारा 02 बीघा एवं मुकेश यादव, आदर्श द्वारा 02 बीघा एवं अतीक अली, मोहम्मद अहमद द्वारा 04 बीघा एवं जितेन्द्र सिंह, दीपक यादव, अभिषेक यादव द्वारा 04 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन पांचों अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि हनीफ अहमद, प्रधान व इब्राहिम खान द्वारा काकोरी के ग्राम-सकरा में लगभग 05 बीघा क्षेत्रफल में अवैध तरीके से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी तरह सकरा गांव में सुनील कुमार द्वारा 03 बीघा, जन सहारा ड्रीम सिटी के प्रबंधक द्वारा 02 बीघा तथा पंचवटी ग्रुप के प्रबंधक द्वारा लगभग 05 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसके अलावा वेद प्रकाश, फहीम व अन्य द्वारा काकोरी के ग्राम-मौंदा में बेसिक स्कूल के पास लगभग 03 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन पांचों अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।

पारा में 03 कार बाजार व कॉम्पलेक्स सील

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि पारा के पुर्वीदीन खेड़ा में 500 एवं 400 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्डों पर बालाजी कार बाजार एंड सर्विस सेंटर, टू फोर व्हील्स व रूद्रा कार सेल एंड सर्विस सेंटर अवैध रूप से संचालित थे।

इसके अलावा सर्वेश कुमार, जगरू प्रसाद व अन्य द्वारा पारा में पुरानी पुलिस चौकी के पास लगभग 130 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर व्यावसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये गये इन अवैध निर्माणों को प्रवर्तन टीम द्वारा सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage