काकोरी में 03 अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, मड़ियांव में 01 अवैध व्यावसायिक निर्माण सील

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 व जोन-4 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण व प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में बुधवार को प्रवर्तन टीम ने काकोरी व मड़ियांव क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान 03 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। वहीं, प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे 01 व्यावसायिक निर्माण को सील किया गया।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि मोहित यादव, धर्मेन्द्र यादव व अन्य द्वारा काकोरी के ग्राम-मौंदा में लगभग 08 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। इसी तरह मोहम्मद इरफान व अन्य द्वारा ग्राम-मौंदा में नहरिया रोड के बगल में लगभग 02 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। वहीं, रघुवीर, रानी मिश्रा व अन्य द्वारा ग्राम-मौंदा में लगभग 01 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग करायी जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन तीनों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-4 की जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि मोनू यादव व अन्य द्वारा मड़ियांव के फैजुल्लागंज के गाजीपुर बलरामपुर में घैला रोड पर लगभग 600 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर अवैध रूप से व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था।
प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे उक्त निर्माण कार्य के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम द्वारा निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage