मोहान रोड योजना के पास मन्नत गार्डन अवैध प्लाटिंग पर खानापूर्ति हेतु चला बुलडोजर

लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा मोहन रोड योजना पर अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है लेकिन उच्च अधिकारी केवल साठ गांठ के चलते मामूली सा ध्वस्त करके अपना गुडवर्क दिखाने में मस्त है. मोहन रोड योजना अंतर्गत पान खेड़ा के आगे मन्नत गार्डन नाम से प्लाटिंग विकसित की गयी. जिसपर बुधवार को LDA अपनी टीम के साथ अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त करने के लिए गया, लेकिन हल्का फुल्का ध्वस्त करने के बाद LDA का बुलडोजर यूँ मानिये फुस हो गया.
एलडीए उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में बुधवार को प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने मोहान रोड योजना के पास अवैध रूप से की जा रही प्लाटिंग/निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान काकोरी थानाक्षेत्र में दो जगहों पर लगभग 20 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अरूण कुमार सिंह ने बताया नंदलाल सिंह, रहमान व अन्य द्वारा हरदोई रोड पर लगभग 10 बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसके अलावा अनिरूद्ध कुमार व अन्य द्वारा मोहान रोड पर लगभग 10 बीघा जमीन पर अवैध तरीके से प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। उक्त दोनों प्रकरण में विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण आदेश पारित किये गये थे।
आज सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता भरत पाण्डेय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से प्रश्नगत स्थलों पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी। सहायक अभियंता ने बताया कि कार्यवाही के दौरान दोनों जगहों पर विकासकर्ता द्वारा निर्मित की गयीं कच्ची-पक्की सड़क, नाली, साइट आफिस व बाउंड्रीवाॅल आदि को ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा प्रश्नगत स्थलों के आसपास स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग को भी ध्वस्त किया गया।








