नन्दी हेल्प के जरिये व्यापारी के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए एक सप्ताह में एकत्रित हुई 9 लाख 75 हजार 819 रूपये धनराशि
23 अप्रैल को हुई थी नन्दी सेवा संस्थान के वेबसाइट नन्दी हेल्प की शुरूआत

सामाजिक चेतना और एकजुटता से ही यह सम्भव हुआः नन्दी
मुट्ठीगंज के व्यापारी के किडनी ट्रांसप्लांट में है 17.90 लाख का खर्च
मुख्यमंत्री राहत कोष, विधायक निधि एवं नन्दी हेल्प की मदद से एकत्रित की गई पूरी धनराशि
लोगों की सेवा में समर्पित नन्दी सेवा संस्थान ने जिस जनहितार्थ की भावना के साथ अभी एक सप्ताह पहले ही नन्दी हेल्प वेबसाइट की शुरूआत की थी, वह प्रयागराजवासियों और विभिन्न जनपदों के लोगों की सामाजिक चेतना एवं एकजुटता की वजह से फलीभूत होता दिखाई दे रहा है। नन्दी हेल्प के माध्यम से मात्र एक सप्ताह में मुट्ठीगंज के व्यापारी संजय गुप्ता के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए उनकी पत्नी प्रतिमा गुप्ता के खाते में 9 लाख 75 हजार 819 रूपये प्राप्त हो चुके हैं। जिसकी वजह से अब व्यापारी के ईलाज में आर्थिक बाधाए दूर हो गई है।
एक छोटा-मोटा व्यवसाय करने वाला व्यापारी जब गंभीर स्वास्थ्य संकट में हो और पूरी जमा पूंजी समाप्त हो जाये तो केवल ईश्वर से प्रार्थना का ही सहारा बचता है। घर की आर्थिक व्यवस्था सँभालने वाला जब बिस्तर पकड़ ले तो पत्नी जो कि गृहिणी है और बच्चे जो अबोध हैं उन्हें कुछ नहीं सूझता। तब सामाजिक चेतना और एकजुटता ही ईश्वरीय विश्वास की पुष्टि व प्रतिपूर्ति करता है। परोपकार की भावना से समाज के वंचित एवं अशक्त जनों के साथ प्रतिकूल परिस्थितियों में मजबूती से खड़ा होना ही नन्दी सेवा संस्था का ध्येय और लक्ष्य है।
मुट्ठीगंज के बड़ा चौराहा निवासी व्यापारी संजय गुप्ता की किडनी का ट्रांसप्लांट होना है। जिसमें 17 लाख 90 हजार रूपये का खर्च चिकित्सकों द्वारा बताया गया है। इतनी भारी धनराशि का इंतजाम न होने पर व्यापारी परिवार द्वारा मदद का निवेदन किया गया। जिस पर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी द्वारा 1.50 लाख रूपये मुख्यमंत्री सहायता कोष से एवं 5 लाख रूपये अपनी विधायक निधि से उपलब्ध कराया गया। साथ ही 1.50 लाख रूपये मुख्यमंत्री सहायता कोष से ऑपरेशन के बाद अभी और मिलना है।
मुख्यमंत्री राहत कोष और विधायक निधि से प्राप्त सहायता के बाद भी ईलाज की धनराशि पूरी न होने पर नन्दी हेल्प के माध्यम से लोगों से मदद की अपील की गई।
नन्दी हेल्प के माध्यम से संजय गुप्ता की पत्नी प्रतिमा गुप्ता के खाते में 9 लाख 75 हजार 819 रूपये प्राप्त हो चुके हैं। यह भागीरथ कार्य लोगों के सहयोग एवं आशीर्वाद से संभव हुआ है। इस अभियान में बूंद-बूंद से घड़ा भरते हुए लोगों ने 11 रूपये, 21 रूपये से लेकर 51000 रूपये, 1 लाख 16 हजार रूपये तक का योगदान दिया। मंत्री नन्दी ने बताया कि आम जनता के सहयोग के साथ ही नन्दी सेवा संस्थान का सेवा कार्य लगातार जारी रहेगा।