UPCM ने जनपद बाराबंकी का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों का हालचाल लिया

उत्तर प्रदेश (बाराबंकी)।
UPCM ने कल जनपद बाराबंकी की रामनगर तहसील स्थित महादेवा आॅडिटोरियम में बाढ़ पीड़ितों का हालचाल लेने के बाद उन्हें स्वयं बाढ़ राहत सामग्री का वितरण किया। बाढ़ पीड़ितों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विपदा की इस घड़ी में उनके साथ है और उनकी हर सम्भव सहायता की जाएगी।
UPCM ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ पीड़ित व्यक्ति को 10-10 किलो चावल-गेहूं के अलावा केरोसिन, माचिस, नमक, मोमबत्ती तथा तिरपाल राहत सामग्री के रूप में उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा बाढ़ से मृत्यु होने की दशा में पीड़ित परिवार को 4 लाख रुपये सहायता के रूप में उपलब्ध कराए जाते हैं।

UPCM ने जिला प्रशासन को बाढ़ पीड़ितों की हर सम्भव मदद करने के निर्देश देते हुए प्रभावितों को आश्वस्त किया कि उनके लिए राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से किये जाएंगे, ताकि उन्हें किसी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता से किये जाएं और बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए स्थानों का चयन कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।
UPCM ने महादेवा धाम में होने वाले सावन मेले के साथ-साथ जनपद में आयोजित होने वाले अन्य मेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनपद के सभी सम्बन्धित अधिकारीगण इनके सफल आयोजन के लिए आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि जल्द ही महादेवा धाम का चैमुखी विकास किया जाएगा, जिससे कि यहां आने वाले भक्तों के लिए ठहरने की उचित व्यवस्था की जा सके। साथ ही, उन्हें सभी आवश्यक जनसुविधाएं भी उपलब्ध करायी जाएं। उन्होंने कहा कि मेला परिसर में प्रकाश के लिए चारों ओर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, पूरे मंदिर परिसर का योजनाबद्ध विकास किया जाएगा।
इस अवसर पर स्थानीय सांसद, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।








