UPCM ने अयोध्या में नवनिर्मित श्री नारायण गौशाला का लोकार्पण किया

उत्तर प्रदेश (अयोध्या)।
UPCM ने अयोध्या में उदासीन संगत ऋषि आश्रम में नवनिर्मित श्री नारायण गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने इस पवित्र कार्य के लिए आश्रम के पीठाधीश्वर महंत डाॅ. स्वामी भरत दास जी महाराज और आश्रम से जुड़े समस्त सन्तों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोक कल्याणकारी कार्यों की यह श्रृंखला निरन्तर चलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों से समाज को एक नई दिशा मिलती है।
UPCM ने कहा कि वर्तमान सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में जितने अवैध बूचड़खाने चल रहे थे, उन सबको बन्द किया गया। इस कार्य में जनता का भरपूर समर्थन प्राप्त हुआ। इसके साथ ही, गौ तस्करी को रोकने का अभियान चलाया गया, जिसमें भी सफलता मिली। उन्होंने कहा कि जनपदों में गौ-अभ्यारण्य और गौशालाओं का निर्माण किए जाने के लिए प्रत्येक जनपद एवं प्रत्येक नगर निगम को धनराशि प्रदान की गई है। लेकिन इस कार्य में जन सहयोग भी जरूरी है।

UPCM ने कहा कि गौमाता की सेवा पुण्य का कार्य है। इस कार्य को बड़ी संख्या में लोगों को करना चाहिए। उम्होने कहा कि गोवंश विशेष तौर पर देशी गोवंश की और अच्छी नस्ल की दिशा में व्यापक शोध कार्य किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में 02 बड़ी गौशालाएं बनेंगी। उन्होंने कहा कि यहां 84 कोसी परिक्रमा होती है। पूरे परिक्रमा क्षेत्र में गौ-रक्षा, गौ-संरक्षण और गौ-सम्पदा सम्बन्धी कार्यों का एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने गौ-संरक्षण और गौशाला सम्बन्धी कार्यों को व्यावहारिक रूप से जीवन में उतारने की बात कही। उन्होंने कहा कि गौमाता एवं भारतीय संस्कृति के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव होना चाहिए। गौ-संरक्षण व संवर्धन के सभी को अपने स्तर से प्रयास करने चाहिए।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, महन्त महेश्वर दास, महन्त सुरेश दास, महन्त स्वामी मंगल दास, धरमदास, निर्मल दास, सुन्दर दास सहित बड़ी संख्या में अन्य सन्त-महात्मा आदि उपस्थित रहे।
इसके पूर्व, UPCM ने दिगम्बर अखाड़ा आश्रम, अयोध्या में महन्त श्री रामचन्द्र परमहंस महाराज की 15वीं पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा कि महराज ने धार्मिक व सामाजिक क्षेत्र में अविस्मरणीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि महन्त श्री रामचन्द्र परमहंस महाराज आज भी अपने कार्यों द्वारा हमारा मार्गदर्शन कर रहे हैं। वर्तमान सरकार अयोध्या को उत्कृष्ट रूप से विकसित करने के लिए प्रयासरत है।








