UPCM ने देवरिया स्थित नारी संरक्षण गृह के प्रकरण पर DM को स्थानांतरित करने के निर्देश दिए

उत्तर प्रदेश।
UPCM ने जनपद देवरिया स्थित नारी संरक्षण गृह के प्रकरण पर गम्भीर रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी को स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं। यह उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने एक वर्ष पहले संस्था को बंद करने का निर्देश जिलाधिकारी को दिया था, लेकिन समय रहते उनके द्वारा कार्रवाई नहीं की गई।

UPCM ने सम्पूर्ण प्रकरण की जांच के लिए अपर मुख्य सचिव महिला कल्याण रेणुका कुमार और अपर पुलिस महानिदेशक (महिला हेल्पलाइन) अंजू गुप्ता की एक जांच कमेटी के गठन के भी निर्देश दिए हैं। यह कमेटी तत्काल मौके पर जाकर जांच करेगी और कल 07 अगस्त 2018 तक अपनी आख्या शासन को उपलब्ध कराएगी। जांच कार्य में मण्डलायुक्त गोरखपुर आवश्यक सहयोग एवं मदद प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रकरण में दोषी पाये गए लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।

UPCM ने कर्तव्य पालन में शिथिलता बरतने वाले जनपद देवरिया के पूर्व जिला प्रोबेशन अधिकारी अभिषेक पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करने और पूर्व में प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी के रूप में तैनात नीरज कुमार और अनूप सिंह के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई किए जाने के निर्देश भी दिए हैं।

यह जानकारी देते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि UPCM ने सभी जिलाधिकारियों को तत्काल अपने-अपने जनपद में स्थित महिला संरक्षण गृह और बाल संरक्षण गृह का निरीक्षण कर 12 घण्टे में शासन को आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों का अनुपालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ज्ञातव्य है कि UPCM द्वारा 03 अगस्त 2018 को सभी जिलाधिकारियों को बाल एवं महिला संरक्षण गृहों के व्यापक निरीक्षण के सम्बन्ध में विस्तार से निर्देश दिए गए थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage