पेयजल आपूर्ति में लापरवाही और देरी बर्दाश्त नहीं होगी: भजनलाल शर्मा, मुख्यमंत्री राजस्थान

अधिकारी फील्ड में जाकर समस्याओं का करें समाधान
मुख्यमंत्री शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने विभाग की बजट घोषणाओं, प्रगतिरत एवं लंबित परियोजनाओं और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति से जुड़ी जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान अधिकारियों की जिम्मेदारी है। अधिकारी आमजन के बीच जाकर पेयजल संबंधी समस्याओं का समाधान करें और जनता का विश्वास अर्जित करें।
लंबित परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव स्तर पर लंबित परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा बजट घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का विभागीय स्तर पर शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि कार्यों की गति बढ़ाई जा सके।
उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक घरों तक नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सके। साथ ही, जिन घरों में पहले से जल कनेक्शन दिए जा चुके हैं, वहां भी नियमित एवं सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।
जल भवन में स्थापित होगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
मुख्यमंत्री ने जल भवन में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विभागीय कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक, नवाचार एवं अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाए। इसके साथ ही पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच के लिए पर्याप्त संख्या में मोबाइल टेस्टिंग वैन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि विभिन्न क्षेत्रों में मौके पर ही पानी की गुणवत्ता की जांच की जा सके।
उन्होंने भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप स्थायी जल स्रोतों के विकास एवं संरक्षण तथा उनकी उपयोगिता बनाए रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जल संसाधनों का अधिकतम एवं विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने के लिए जल संसाधन विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।
इसके अतिरिक्त उन्होंने न्यायालयों में लंबित विभागीय प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए उनकी शीघ्र सुनवाई एवं निस्तारण के लिए पैरवी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, मुख्यमंत्री कार्यालय के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत गेरा, वित्त विभाग के प्रमुख सचिव वैभव गालरिया सहित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
