प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का सख्त रुख, चार वार्डों का औचक निरीक्षण कर दिए कड़े निर्देश
नाला निर्माण में देरी, अतिक्रमण और गंदगी पर जताई नाराजगी, समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश

30 जून तक सभी नालों की सफाई करा ली जाए-सुरेश कुमार खन्ना
लखनऊ: 04 जून, 2026
प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने गुरुवार को महापौर सुषमा खर्कवाल के साथ नगर निगम के जोन-4 अंतर्गत खरगापुर सरसवां, भरवारा-मल्हौर, चिनहट प्रथम एवं राजीव गांधी प्रथम वार्ड का व्यापक निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
खरगापुर सरसवां वार्ड में सेक्टर-5 गोमती नगर विस्तार, गीतापुरी चौराहा एवं खरगापुर क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए प्रभारी मंत्री ने संकट मोचन द्वार के निकट निर्माणाधीन नाले का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नाले का निर्माण कार्य आगामी 19 जून तक हर हाल में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की बाधा नागरिकों के लिए असुविधा का कारण बनती है, इसलिए कार्य में तेजी लाई जाए।
भरवारा-मल्हौर वार्ड में एसटीपी एमिटी रोड स्थित खाली पड़े भूखंड पर अनधिकृत कूड़ा डंपिंग पाये जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। क्षेत्र में स्वच्छता की स्थिति सुधारने के लिए तत्काल सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाली प्लॉटों के स्वामियों को नोटिस जारी कर बाउंड्री वॉल सुनिश्चित कराया जाए, जिससे अवैध कूड़ा डंपिंग और अतिक्रमण की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
चिनहट प्रथम वार्ड के बाजार क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए प्रभारी मंत्री ने तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्रों में सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों दोनों को सुविधा मिल सके।
राजीव गांधी प्रथम वार्ड के अंतर्गत मिठाई वाला चौराहा स्थित पीसीटीएस के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर प्रभारी मंत्री एवं महापौर ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार की कार्यसंस्कृति और जनसेवा की भावना अन्य क्षेत्रों में भी दिखाई देनी चाहिए।
निरीक्षण के उपरांत प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर का निर्माण सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है। नगर आयुक्त को निर्देश दिये कि 30 जून तक सभी नालों की सफाई कर ली जाए। बरसात से पहले नालों की सफाई हो जाने से शहर में जलभराव जैसी किसी भी समस्या बरसात के दिनों में नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता, जल निकासी, यातायात प्रबंधन तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े सभी कार्यों को मिशन मोड में संचालित किया जाए। विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो तथा जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव एवं अरुण कुमार गुप्त, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, चीफ इंजीनियर आर.आर. मनोज प्रभात, जोनल अधिकारी जोन-4 शिल्पा कुमारी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर पंकज शुक्ला सहित नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








