लखनऊ में OTS योजना 18 अप्रैल से शुरू…3% छूट और ब्याज माफी : प्रथमेश कुमार

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने जारी किये आदेश, बिना उनकी स्वीकृति के निरस्त नहीं किया जाएगा ओटीएस का कोई भी आवेदन

एलडीए अपनी सभी योजनाओं में ओटीएस के लिए लगाएगा कैम्प

एकमुश्त समाधान योजना के लिए एलडीए में हेल्प डेस्क स्थापित, कर्मचारी हाथों-हाथ भरेंगे आवेदन फार्म

लखनऊ विकास प्राधिकरण में 18 अप्रैल, 2026 से एकमुश्त समाधान योजना (ओ0टी0एस0) शुरू होगी। इसके लिए एलडीए में हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है, जहां तैनात कर्मचारी मौके पर ही लोगों के ऑनलाइन आवेदन फार्म भरेंगे।

योजना का लाभ प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति को मिले, इसके लिए एलडीए अपनी सभी योजनाओं में कैम्प भी लगाएगा। बकायेदार आवंटी इन कैम्प में जाकर भी आवेदन कर सकेंगे। ओटीएस के आवेदन में निचले स्तर से किसी भी तरह की गैर जरूरी आपत्ति अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई न हो। इसके लिए एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने अलग से आदेश जारी किये हैं। जिसके तहत बिना उनकी स्वीकृति के ओटीएस के किसी भी आवेदन में आपत्ति अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई नहीं की जाएगी।

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि लगभग 4,000 डिफाल्टर आवंटियों को चिन्हित किया गया है। इनमें आश्रयहीन, ई0डब्ल्यू0एस, एल0आई0जी, एम0आई0जी, एच0आई0जी के अलावा अन्य आवासीय एवं व्यावसायिक सम्पत्तियों व मानचित्र के बकायेदार शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कॉल सेंटर एवं आईटी सेल के माध्यम से बकायेदारों को फोन, मैसेज व ई-मेल के माध्यम से ओटीएस की सूचना भेजी गयी है। 18 अप्रैल से 17 जुलाई, 2026 तक एकमुश्त समाधान योजना चलेगी। इसमें लोगों की सहूलियत के लिए एलडीए कार्यालय स्थित सिंगल विन्डो काउंटर पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। जहां ओटीएस के लिए आने वाले सभी आवंटियों को पूरी जानकारी देने के साथ ही ऑनलाइन आवेदन की कार्रवाई सुनिश्चित करायी जाएगी।

दण्ड एवं चक्रवृद्धि ब्याज से मिलेगी छूट

यह योजना प्राधिकरण की सभी प्रकार की आवासीय एवं व्यावसायिक सम्पत्तियों, सरकारी संस्थाओं को आवंटित सम्पत्तियों एवं स्कूल भूखण्डों, चैरिटेबल संस्थाओं, नीलामी अथवा अन्य पद्धति से आवंटित सम्पत्तियों, सहकारी आवास समितियों को आवंटित सम्पत्तियों व मानचित्रों के लिए खोली गई है। जिन लोगों पर समय से किश्तें जमा न करने की सूरत में दण्ड ब्याज एवं चक्रवृद्धि ब्याज रोपित हो गया है, वह सभी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इसमें दण्ड ब्याज से छूट मिलेगी और लोग बकाया धनराशि जमा करके अपनी सम्पत्ति के मालिक बन सकेंगे।

योजना के खास फायदे

– आवेदन जमा करने की तिथि से 03 माह के अंदर निस्तारण।
– डिफाल्ट अवधि के लिए दंड ब्याज से पूरी राहत। केवल साधारण ब्याज लिया जाएगा, जिसकी गणना सॉफ्टवेयर से होगी।
– ओटीएस की पूरी राशि 30 दिन में जमा करने पर 03 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
– ओटीएस की रकम 50 लाख रुपये से अधिक है तो एक तिहाई भुगतान 30 दिन में और बाकी तीन द्विमासिक किस्त में 06 माह में देना होगा। समय से पैसा न देने पर अतिरिक्त दंड ब्याज के साथ एक माह में जमा करने का मौका मिलेगा।

Related Articles

Back to top button
btnimage