ग्रेटर आगरा बनेगा दूसरा नोएडा, रोजगार के खुलेंगे नए द्वार और आएंगी बड़ी-बड़ी कंपनियां: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने जनपद आगरा में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत 449.65 हे0 भूमि पर 5,142 करोड़ रु0 लागत से 10 आवासीय टाउनशिप (ग्रेटर आगरा योजना) का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया

ग्रेटर आगरा आवासीय योजना में सनातन धर्म की 10 पवित्र नदियों के नाम पर टाउनशिप बसायी जा रही, टाउनशिप में 10 हजार से अधिक परिवार रहेंगे : मुख्यमंत्री
 
यह जमीन दूसरा नोएडा बन जायेगी, यहां कई ब्रिज बनेंगे, नये इंस्टीट्यूट खुलेंगे, पर्यटन तथा नगरीय विकास की योजनायें आयेंगी, आधुनिक सड़कें तथा हॉस्पिटल बनेंगे
 
आगरा स्मार्ट एवं सेफ आगरा के रूप में स्थापित होगा
 
मुख्यमंत्री ने आगरा में यमुना नदी पर डाउन स्ट्रीम में रबर डैम बनाने की घोषणा की
 
आगरा में मेट्रो की सुविधा उपलब्ध, शीघ्र ही छत्रपति शिवाजी म्यूजियम के लोकार्पण, आगरा मेट्रो के दूसरे चरण के शुभारम्भ तथा नये एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए वह यहां आएंगे
 
आज दुनिया युद्ध के कारण परेशान, अकेले भारत ने महंगाई को नियंत्रण में किया
 
भारत अपनी विरासत का सम्मान कर रहा, देश से नक्सलवाद समाप्त हुआ
 
उ0प्र0 ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा ब्रज की धरोहरों को संरक्षित किया जा रहा
 
जनपद सम्भल में 67 तीर्थों तथा 19 कूपों को पुनर्जीवन दिया गया, 84 कोसी परिक्रमा पुनः शुरू
 
मुख्यमंत्री ने खराब मौसम के कारण विलम्ब से आने पर भी जन समुदाय के उत्साह में कोई कमी न देख कर उनके धैर्य की सराहना की

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद आगरा में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा ग्राम रायपुर व रहनकलां (ग्रेटर आगरा योजना) की लगभग 449.65 हे0 भूमि पर लगभग 5,142 करोड़ रुपये लागत से 10 आवासीय टाउनशिप का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने 1,324 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 324 विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने ग्रेटर आगरा योजना का भूमिपूजन किया तथा प्रस्तावित टाउनशिप के 3-डी मॉडल का अवलोकन किया। इस प्रकार 6466 करोड़ रुपये से अधिक लागत की कुल 325 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि आगरा ब्रज भूमि की पावन धरा है। यह पौराणिक काल से अब तक सनातन की आभा को भक्ति के माध्यम से प्रज्ज्वलित करने तथा आजादी की लड़ाई में अपना अतुल्य योगदान देने वाली धरा भी है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में खराब मौसम के कारण विलम्ब से आने पर भी जन समुदाय के उत्साह में कोई कमी न देख कर उनके धैर्य की सराहना की तथा सभी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि आपका उत्साह हमारी प्रेरणा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विरासत और विकास के विजन को आपका समर्थन नई ऊर्जा प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत ग्रेटर आगरा आवासीय योजना में सनातन धर्म की सभी 10 पवित्र नदियों के नाम पर टाउनशिप बसायी जा रही है। इन नदियों का हर सनातनी स्मरण करता है। इस टाउनशिप में 10 हजार से अधिक परिवार रहेंगे। इसमें गरीब व उद्यमी, सभी के लिए आवास होंगे।

‘गंगे च यमुने चैव गोदावरी सरस्वती। नर्मदे सिन्धु कावेरी जलेऽस्मिन् सन्निधिं कुरु।’ प्रातः स्मरणीय ऐसी पवित्र नदियों के नाम पर बसाई जा रही इस भूमि पर बहुत कम अन्न उपजता था। अब यह जमीन दूसरा नोएडा बन जायेगी। आवासीय टाउनशिप के साथ ही यहां कई ब्रिज बनेंगे, पर्यटन विकास की योजनायें आयेंगी, नये इंस्टीट्यूट खुलेंगे, आधुनिक सड़कें, हॉस्पिटल तथा नगरीय विकास की योजनायें आयेंगी। इससे आगरा स्मार्ट एवं सेफ आगरा के रूप में स्थापित होगा।

आज आगरा में मेट्रो की सुविधा उपलब्ध है। गंगाजल जो पहले कल्पना की बात थी, वह भी उपलब्ध है। जल्द ही आपके अपने एयरपोर्ट का सिविल टर्मिनल भी सामने होगा। हमारी सरकार ने आगरा के पेठे को ओ0डी0ओ0पी0 के माध्यम से वैश्विक पहचान दी है। शीघ्र ही छत्रपति शिवाजी म्यूजियम के लोकार्पण, आगरा मेट्रो के दूसरे चरण के शुभारम्भ तथा नये एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए वह यहां आएंगे। मुख्यमंत्री जी ने आगरा में यमुना नदी पर डाउन स्ट्रीम में रबर डैम बनाए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दुनिया युद्ध के कारण परेशान है। कहींं महंगाई है, तो कहीं लोग भूख से तरस रहे हैं। दुनिया में 200 देश हैं, लेकिन अकेले भारत ने महंगाई को नियंत्रण में किया है। यहां आमजन को कोई परेशानी नहीं है। अमेरिका में युद्ध के कारण महंगाई चरम पर है, पाकिस्तान तबाह है। प्रधानमंत्री जी ने पेट्रोल कम्पनियों से स्पष्ट कहा कि गरीब लोगों पर गैस, पेट्रोल व डीजल के महंगे होने का बोझ न पड़े। प्रधानमंत्री जी ने इनकी बिक्री से होने वाले केन्द्र सरकार के मुनाफे को भी नहीं लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान होते थे। डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक विधान, एक प्रधान और एक निशान की बात कही। प्रधानमंत्री ने कश्मीर से धारा 370 समाप्त की। बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर और डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना साकार हुआ। हाल ही में देश से नक्सलवाद समाप्त हुआ है। आज सुरक्षित व समृद्ध भारत अपनी विरासत का सम्मान कर रहा है।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा ब्रज की धरोहरों को संरक्षित किया जा रहा है। सन् 1,526 में सम्भल के हरिहर मन्दिर को तोड़कर सनातन का अपमान किया गया। वर्षों के बाद आज वर्ष 2026 में फिर से सनातन का दौर लौटा है। जनपद सम्भल में समाप्त कर दिए गये 67 तीर्थों तथा 19 कूपों को पुनर्जीवन दिया गया है। यहां 84 कोसी परिक्रमा पुनः शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार लोक कल्याण के साथ ही नौजवानों को नौकरी भी देती है, विकास और विरासत को साथ लेकर कार्य भी करती है। आज माफियाओं को मिट्टी में मिला दिया गया है। आज माताओं, बहनों व व्यापारियों की सुरक्षा पर कोई गलत नजर नहीं डाल सकता। महाराणा प्रताप, राणा सांगा जैसे वीरों ने  देश के लिए अपना बलिदान दिया। महाराज सूरजमल ने अपने शौर्य से भारत का सर गर्व से ऊंचा कर दिया। लोकमाता अहिल्याबाई होलकर ने उत्तर से दक्षिण तथा पूर्व से पश्चिम तक आस्था के सभी स्थलों, तीर्थों तथा मन्दिरों का पुनरुद्धार कर, सनातन के गौरव को पुनर्जीवित करने का कार्य किया। यह समय एकजुट होकर विश्व मंच पर आगे बढ़ने का है।

इस अवसर पर केन्द्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री प्रो0 एस0पी0 सिंह बघेल, प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य, होमगार्ड्स व नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति, सांसद राजकुमार चाहर, नवीन जैन, विधायक डॉ0 जी0एस0 धर्मेश, पुरुषोत्तम खण्डेलवाल, डॉ0 धर्मपाल सिंह, रानी पक्षालिका सिंह, चौ0 बाबूलाल, छोटेलाल वर्मा व भगवान सिंह कुशवाहा, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण व वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage