गोमती नगर के लोहिया पार्क में खुला प्रदेश का सबसे बड़ा स्केट पार्क : प्रथमेश कुमार

मुख्य सचिव एस0पी0 गोयल ने 8,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित स्केट पार्क का किया उद्घाटन

स्केटिंग के साथ लाॅन टेनिस, बैडमिंटन, पिकल बाॅल, बाॅक्स क्रिकेट का लुत्फ उठा सकेंगे लोग

गोमती नगर स्थित डाॅ0 राम मनोहर लोहिया पार्क में प्रदेश का सबसे बड़ा स्केट पार्क बनकर तैयार हो गया है। प्रदेश के मुख्य सचिव एस0पी0 गोयल ने सोमवार देर शाम स्केट पार्क का उद्घाटन करके इसे नागरिकों को समर्पित किया।

लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 8,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित इस पार्क में लोग स्केटिंग के साथ ही लाॅन टेनिस, बैडमिंटन, पिकल बाॅल, बाॅक्स क्रिकेट का लुत्फ उठा सकेंगे। इस मौके पर प्रमुख सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग पी0 गुरूप्रसाद, मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत व जिलाधिकारी विशाख जी0 समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि लोहिया पार्क में गेट नंबर-3 के पास लगभग 07 करोड़ रूपये की लागत से स्केट पार्क एवं स्पोर्ट्स एरिना विकसित किया गया है, जिसका नाम O2 (ऑक्सीजन स्पोर्ट्स) रखा गया है। पूर्व में इस स्थान पर एक कृत्रिम वाॅटर बाॅडी बनी थी, जिसमें ग्राउंड वाॅटर से जलापूर्ति की जाती थी। इससे भू-गर्भ जल की भी हानि होती थी और वाॅटर बाॅडी में मच्छर पनपने से बीमारियों का भी खतरा रहता था। इस निष्प्रयोज्य स्थल को खेल गतिविधियों के लिहाज से उपयोगी बनाने के उद्देश्य से यहां अब लखनऊ का पहला और प्रदेश का सबसे बड़ा स्केट पार्क विकसित किया गया है। उपाध्यक्ष ने बताया कि 4,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में स्केटिंग रिंक और लगभग 4,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में शेष स्पोर्ट्स एरीना बनाया गया है।

स्केटिंग की सुविधा निःशुल्क

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि स्केट पार्क एवं स्पोर्ट्स एरीना सुबह 10ः00 बजे से रात 8ः00 बजे तक खुलेगा। यहां स्केटिंग के लिए प्राधिकरण की तरफ से 02 कोच नियुक्त किये गये हैं, जो इस खेल के शौकीनों को निःशुल्क प्रशिक्षण देंगे। साथ ही आम लोगों के लिए स्केटिंग की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। हालांकि, अन्य खेलों के लिए शुल्क तय होगा।

स्केटिंग रिंक को हुनरबाजों ने सराहा

एलडीए द्वारा पार्क में विकसित किये गये स्केटिंग रिंक की हुनरबाजों ने जमकर सराहना की। स्केटर्स ने बताया कि स्केटिंग रिंक में लैंडस्केप, स्लोप व कव्र्स आदि का कार्य बहुत अहम होता है, जोकि इस पार्क में बेहद सलीके से किया गया है। कंक्रीट वर्क में इस तरह की फिनिशिंग का कार्य बहुत मुश्किल होता है। मंगलवार को पार्क खुलते ही खिलाड़ियों ने नवनिर्मित स्केटिंग रिंक में स्केट्स व स्केटिंग बोर्ड पर अपना हुनर दिखाया।

प्रथमेश कुमार, उपाध्यक्ष , लखनऊ विकास प्राधिकरण

इस नव विकसित स्केट पार्क एवं स्पोर्ट्स एरीना का संचालन फिलहाल एलडीए द्वारा किया जाएगा। इस पार्क से शहर के बच्चों व युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी और खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Back to top button
btnimage