एलडीए में 01 दिसम्बर को लगेगा लोन मेला, ‘एक दिन-एक स्थान, लोन सम्बंधी पूर्ण समाधान’

सभी राष्ट्रीयकृत एवं अधिसूचित बैंकों की टीम रहेगी उपस्थित, मौके पर एनओसी और प्रतिस्पर्धात्मक ब्याज दरों पर मिलेगा लोन

‘एक दिन-एक स्थान, लोन सम्बंधी पूर्ण समाधान’ के तहत हर वर्ग के आवंटियों की ऋण सम्बंधी जरूरतें होंगी पूरी

लखनऊ विकास प्राधिकरण आम लोगों की सुविधा के लिए लोन मेला लगाने जा रहा है। यह लोन मेला 01 दिसम्बर, 2025 को गोमती नगर स्थित प्राधिकरण कार्यालय में लगाया जाएगा। जहां सभी राष्ट्रीयकृत एवं अधिसूचित बैंकों की टीम उपस्थित रहेगी। आवंटियों को मौके पर ही एनओसी और प्रतिस्पर्धात्मक ब्याज दरों पर लोन की सुविधा मिलेगी।

एलडीए के वित्त नियंत्रक दीपक सिंह ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक सम्पत्तियों का आवंटन किया गया है। इनमें से कई आवंटी सही जानकारी के आभाव व बैंक से लोन न मिलने के कारण सम्पत्ति का पूरा भुगतान नहीं कर रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में आवंटियों पर अतिरिक्त ब्याज का बोझ तो पड़ता ही और देरी होने पर आवंटन निरस्त होने का खतरा भी रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आवंटियों की सुविधा के लिए लोन मेला आयोजित करने के निर्देश दिये थे। जिसके अनुपालन में 01 दिसम्बर, 2025 को प्राधिकरण कार्यालय में ‘एलडीए लोन मेला’ आयोजित किया जा रहा है। इसमें सभी राष्ट्रीयकृत एवं अधिसूचित बैंकों के अधिकारी अपने स्टाफ के साथ उपस्थित रहेंगे।

यह फायदें मिलेंगे

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि यह लोन मेला आवंटियों के लिए कई मायनों में लाभदायक साबित होगा। यहां सभी को एक ही स्थान पर ऑन स्पॉट बैंक सहायता मिलेगी। आवंटियों को मौके पर ही एनओसी प्रदान की जाएगी। साथ ही ज्यादा बैंकों के प्रतिभाग करने से प्रतिस्पर्धात्मक ब्याज दरों पर लोन मिलेगा। उन्होंने बताया कि आवंटियों को अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, आय एवं जाति प्रमाण पत्र आदि प्रपत्र लाने होंगे।

दुर्बल आय वर्ग को बड़ी राहत

एलडीए लोन मेला से खास तौर से दुर्बल एवं अल्प आय वर्ग के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अधिकारियों ने बताया कि ईडब्ल्यूएस श्रेणी के आवंटियों को बैंक से लोन लेने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। एलडीए के लोन मेले में एक ही छत के नीचे उनका सारा काम हो जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री आवास, सरदार वल्लभ भाई पटेल योजना, पहले आओ-पहले पाओ योजना, अनंत नगर योजना के साथ ही अन्य योजनाओं में आवासीय एवं व्यावसायिक सम्पत्ति लेने वाले आवंटी बैंक लोन के लिए आवेदन कर सकेंगे।

प्रथमेश कुमार, उपाध्यक्ष, लखनऊ विकास प्राधिकरण

‘एक दिन-एक स्थान, लोन सम्बंधी पूर्ण समाधान’ के उद्देश्य से यह लोन मेला लगवाया जा रहा है। इसमें हर वर्ग के आवंटियों की ऋण सम्बंधी जरूरतें पूरी होंगी और वे पूरा भुगतान करके अपनी सम्पत्ति के मालिक बन सकेंगे।

Related Articles

Back to top button
btnimage