एलडीए ! अटल नगर योजनाः पंजीकरण बुकलेट खरीदने के लिए सिर्फ तीन दिन शेष
देवपुर पारा स्थित अटल नगर में 01 बीएचके के 1832 एवं 02 बीएचके के 664 फ्लैट हैं

सिर्फ और सिर्फ एलडीए की वेबसाइट से कराया जा सकेगा ऑनलाइन पंजीकरण
30 नवम्बर तक बुकलेट खरीदने वाले लोग 2 दिसम्बर, 2025 तक करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन
पारदर्शी प्रक्रिया के तहत आवेदकों की उपस्थिति में लॉटरी से होगा भवनों का आवंटन
लखनऊ विकास प्राधिकरण की अटल नगर आवासीय योजना के भवनों की पंजीकरण पुस्तिका खरीदने के लिए सिर्फ 03 दिन बचे हैं। 30 नवम्बर तक बुकलेट खरीदने वाले लोग 2 दिसम्बर, 2025 तक भवनों के लिए पंजीकरण करा सकेंगे। पंजीकरण सिर्फ और सिर्फ एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से ही कराया जा सकेगा।
इसके लिए भवन के अनुमानित मूल्य की 05 प्रतिशत धनराशि बतौर पंजीकरण शुल्क जमा करनी होगी, जोकि आरक्षित वर्ग के लिए 2.5 प्रतिशत होगी। भवनों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। गुरूवार शाम 6 बजे तक 4393 लोगों ने पंजीकरण करा लिया।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि देवपुर पारा में लांच की गयी अटल नगर आवासीय योजना में 12 से लेकर 19 मंजिल के 15 टावरों में कुल 2,496 फ्लैट्स हैं। इसमें से 1,832 भवन 01 बीएचके और 664 भवन 02 बीएचके के हैं। ये भवन 30 वर्गमीटर से लेकर 54.95 वर्गमीटर क्षेत्रफल के हैं, जिनकी कीमत 9.82 लाख रूपये से शुरू होगी। एलडीए ने इस अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम में लिफ्ट का भी प्रावधान किया है। इसके अतिरिक्त योजना में स्वच्छ जल एवं विद्युत आपूर्ति, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन एवं किड्स प्ले एरिया व पार्किंग आदि की पर्याप्त सुविधा दी जाएगी।
अपर सचिव सी0पी0 त्रिपाठी ने बताया कि अटल नगर योजना के भवनों के लिए 4 अक्टूबर से 21 नवम्बर, 2025 के मध्य ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था, जिसे जनहित में बढ़ाकर 2 दिसम्बर, 2025 किया गया है। इसकी पंजीकरण बुकलेट 30 नवम्बर तक ही ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी। इसके बाद बुकलेट नहीं खरीदी जा सकेगी और सिर्फ वही लोग 2 दिसम्बर तक रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे जिन्होंने बुकलेट खरीद ली है।
इन भवनों के सापेक्ष आए इतने आवदेन
– 01 बीएचके टाइप-ए के 1272 फ्लैटों के लिए 1433 आवेदन आ चुके हैं।
– 01 बीएचके टाइप-बी के 416 फ्लैटों के लिए 155 आवेदन आ चुके हैं।
– 01 बीएचके टाइप-सी के 144 फ्लैटों के लिए 445 आवेदन आ चुके हैं।
– 02 बीएचके टाइप-ए के 208 फ्लैटों के लिए 877 आवेदन आ चुके हैं।
– 02 बीएचके टाइप-बी के 456 फ्लैटों के लिए 1483 आवेदन आ चुके हैं।








