अटल नगर आवासीय योजना में भवनों के लिए पंजीकरण अब 2 दिसम्बर तक : प्रथमेश कुमार
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आम लोगों की सुविधा के लिए पंजीकरण अवधि बढ़ायी

देवपुर पारा स्थित अटल नगर योजना में 01 बीएचके एवं 02 बीएचके के 2496 फ्लैट हैं
एलडीए की वेबसाइट से कराया जा सकेगा ऑनलाइन पंजीकरण, लॉटरी से होगा भवनों का आवंटन
लखनऊ विकास प्राधिकरण की अटल नगर आवासीय योजना के भवनों के लिए पंजीकरण अब 2 दिसम्बर, 2025 तक कराया जा सकेगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने जन सामान्य की सुविधा के लिए पंजीकरण की अवधि बढ़ा दी है।
पंजीकरण सिर्फ और सिर्फ एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से ही कराया जा सकेगा। इसके लिए भवन के अनुमानित मूल्य की 05 प्रतिशत धनराशि बतौर पंजीकरण शुल्क जमा करनी होगी, जोकि आरक्षित वर्ग के लिए 2.5 प्रतिशत होगी। भवनों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
अपर सचिव सी0पी0 त्रिपाठी ने बताया कि देवपुर पारा में लांच की गयी अटल नगर आवासीय योजना अल्प आय एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों के आशियाने का सपना साकार करेगी। योजना में 12 से लेकर 19 मंजिल के 15 टावरों में कुल 2,496 फ्लैट्स हैं। इसमें से 1,832 भवन 01 बीएचके और 664 भवन 02 बीएचके के हैं। ये भवन 30 वर्गमीटर से लेकर 54.95 वर्गमीटर क्षेत्रफल के हैं, जिनकी कीमत 9.82 लाख रूपये से शुरू होगी। एलडीए ने इस अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम में लिफ्ट का भी प्रावधान किया है। इससे आवंटियों व उनके परिवार में शामिल बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों को आवागमन में किसी भी तरह की असुविधा नहीं होगी। इसके अतिरिक्त योजना में स्वच्छ जल एवं विद्युत आपूर्ति, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन एवं किड्स प्ले एरिया व पार्किंग आदि की पर्याप्त सुविधा दी जाएगी।
विशेष कार्याधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि अटल नगर योजना के भवनों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 4 अक्टूबर से 21 नवम्बर, 2025 के मध्य खोला गया था। जिसमें अभी तक 4 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। लोगों की सुविधा के लिए उपाध्यक्ष महोदय ने पंजीकरण अवधि को बढ़ा दिया है। अब लोग 2 दिसम्बर, 2025 तक भवनों के लिए पंजीकरण करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि पंजीकरण बुकलेट 30 नवम्बर तक ही खरीदी जा सकेगी।








