एलडीए ने ई-ऑक्शन में बेची 425 करोड़ रूपये से अधिक की सम्पत्ति
तीन गुना से अधिक कीमत तक लगी बोली, 28 लाख रूपये का भूखण्ड डेढ़ करोड़ रूपये में बिका

34 करोड़ रूपये के ग्रुप हाउसिंग भूखण्ड की 47 करोड़ लगी बोली, लैंड ऑडिट से गोमती नगर विस्तार में खोजे गये भूखण्डों की खूब रही डिमाण्ड
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने इस बार के ई-ऑक्शन में 425 करोड़ रूपये से अधिक कीमत की सम्पत्ति बेची है। पारदर्शी प्रक्रिया के तहत कराये गये इस ई-ऑक्शन में निवेशकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नतीजा यह रहा कि ई-नीलामी में आरक्षित दर से तीन गुना अधिक कीमत तक बोली लगी और 28 लाख रूपये का भूखण्ड डेढ़ करोड़ रूपये में बिका।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि लैंड ऑडिट और ड्रोन सर्वे से प्राधिकरण की कई ऐसी सम्पत्तियां चिन्हित की गयीं, जिन पर अवैध कब्जे थे। इन सभी सम्पत्तियों को अभियान चलाकर खाली कराया गया और इसे लोगों के लिए ई-ऑक्शन में लगाया गया था। इसमें गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-5 एवं सेक्टर-6 के 95 आवासीय और 07 व्यावसायिक भूखण्ड भी लगाये गये थे। ई-ऑक्शन में इन भूखण्डों की काफी डिमाण्ड रही और इनमें से 88 भूखण्ड दो से तीन गुना अधिक कीमत में बिके। उपाध्यक्ष ने बताया कि ई-ऑक्शन में बोली लगाने वाले सभी सफल आवंटियों को जल्द से जल्द आवंटन पत्र निर्गत कर दिये जाएंगे। आवंटियों द्वारा इन सम्पत्तियों पर जो भी प्रोजेक्ट लाये जाएंगे, उसके लिए मानचित्र आदि स्वीकृत करने की समस्त कार्यवाही को सिंगल विन्डो सिस्टम के अंतर्गत निष्पादित कराया जाएगा।
47 करोड़ में बिका ग्रुप हाउसिंग भूखण्ड
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि ई-नीलामी में कुल 132 सम्पत्तियों की बिक्री हुयी है। गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-5 में 28 लाख रूपये कीमत का 75 वर्गमीटर का आवासीय भूखण्ड डेढ़ करोड़ रूपये में बिका। इसी तरह सेक्टर-6 में 72 लाख 99 हजार रूपये का 200 वर्गमीटर का आवासीय भूखण्ड 2 करोड़ 99 लाख रूपये में बिका। सेक्टर-6 में 4647 वर्गमीटर का ग्रुप हाउसिंग भूखण्ड बोली लगकर 47 करोड़ रूपये में बिका, जिसकी आरक्षित दर 34 करोड़ रूपये थी।
7.44 करोड़ का भूखण्ड 20.88 करोड़ रुपए में बिका
व्यावसायिक सेल के प्रभारी अधिशासी अभियंता मनोज सागर ने बताया कि कानपुर रोड योजना के सेक्टर-आई में 905 वर्गमीटर क्षेत्रफल के व्यावसायिक भूखण्ड पर रिकॉर्ड बोली लगी। 7.44 करोड़ रूपये कीमत का यह भूखण्ड बढ़कर 20.88 करोड़ रूपये में बिका। गोमती नगर विस्तार में सेक्टर-5 में 162 वर्गमीटर का व्यावसायिक भूखण्ड 1.57 करोड़ से बढ़कर 4.10 करोड़ रूपये में बिका। उन्होंने बताया कि बसन्तकुंज योजना व ट्रांसपोर्ट नगर की सम्पत्तियों पर भी लोगों ने काफी दिलचस्पी दिखायी और यहां के भूखण्ड 25 से 30 प्रतिशत की बढ़त पर बिके हैं।








