डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशनों का निरीक्षण किया

10 अक्टूबर, 2025 को मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा द्वारा लखनऊ मंडल के हैदरगढ़, निहालगढ़, लेवल क्रॉसिंग संख्या 129 स्पेशल, सुलतानपुर, लम्भुआ, श्रीकृष्ण नगर, जौनपुर सिटी, जौनपुर जं. एवं शाहगंज स्टेशनों का गहन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन भवनों की गुणवत्ता, यात्री सुविधाओं में हो रहे उन्नयन, प्लेटफॉर्म सौंदर्यीकरण, सर्कुलेटिंग एरिया के विकास तथा स्टेशन परिसर की स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था का विस्तार से अवलोकन किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि यात्रियों को एक आधुनिक, स्वच्छ और सुविधाजनक स्टेशन परिसर उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि “अमृत भारत स्टेशन योजना रेलवे के बुनियादी ढांचे को एक नई दिशा देने वाला परिवर्तनकारी कदम है। इन स्टेशनों के विकास से क्षेत्रीय यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी, जिससे रेलवे की छवि और सेवा-गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और संतोष हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

निरीक्षण के दौरान विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यों की स्थिति एवं प्रगति की जानकारी प्रदान की।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत इन स्टेशनों पर निम्नलिखित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है:

  • आधुनिक प्रतीक्षालय का निर्माण

  • बेहतर शौचालय सुविधाएं

  • एलईडी लाइटिंग की स्थापना

  • डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड

  • स्टेशन भवनों का सौंदर्यीकरण

  • शुद्ध पेयजल व्यवस्था

  • सर्कुलेटिंग एरिया का विकास

“अमृत संवाद” के अंतर्गत जनता से संवाद

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने “अमृत संवाद” कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं रेल उपभोक्ताओं से भी संवाद किया। उन्होंने प्राप्त सुझावों को गंभीरता से सुना और कहा:

“रेलवे और समाज एक-दूसरे के पूरक हैं। स्टेशनों के विकास में स्थानीय समुदाय की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। यात्रियों से प्राप्त सुझाव अमृत भारत स्टेशन योजना को और अधिक प्रभावी एवं जन-केंद्रित बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।”

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य यात्रियों की आवश्यकताओं को केंद्र में रखकर किए जाएं तथा गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Back to top button
btnimage